मुजफ्फरनगर। यमुना नदी का जलस्तर बढ़ जाने के कारण रेलवे प्रशासन ने दिल्ली स्थित लोहे का पुल (ओल्ड यमुना ब्रिज) एहतियातन बंद कर दिया है। पुल बंद होने से दिल्ली आने-जाने वाली कई ट्रेनों का संचालन प्रभावित हुआ है।
रेलवे विभाग ने दिल्ली अंबाला इंटरसिटी (गाड़ी संख्या 14521), दिल्ली-सहारनपुर पैसेंजर (गाड़ी संख्या 64559) तथा सहारनपुर-दिल्ली मोमो सुपरफास्ट पैसेंजर (गाड़ी संख्या 20412) को रद्द कर दिया है। वहीं, जालंधर-नई दिल्ली सुपर एक्सप्रेस को अस्थायी रूप से मेरठ तक ही चलाया जा रहा है। उत्कल एक्सप्रेस भी करीब 9 घंटे की देरी से संचालित हो रही है।
इस स्थिति से सहारनपुर, मेरठ, मुजफ्फरनगर और खतौली से गाजियाबाद व दिल्ली रोज़ाना आने-जाने वाले हजारों रेल यात्री गंभीर रूप से प्रभावित हुए हैं। ड्यूटी पर जाने वाले दैनिक यात्रियों को बड़ी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
दैनिक रेल यात्री संघ के अध्यक्ष घनश्याम भगत और महामंत्री दीपक गुप्ता ने रेलवे प्रशासन से अपील की है कि यात्रियों की परेशानी को देखते हुए वैकल्पिक व्यवस्था की जाए और प्रभावित ट्रेनों को दिल्ली शाहदरा रेलवे स्टेशन तक चलाया जाए, ताकि हजारों यात्री समय से अपनी ड्यूटी और कार्यस्थल तक पहुंच सकें।