Friday, February 21, 2025

PM Modi ने मनमोहन सिंह को दी श्रद्धांजलि, बोले देश ने अपना एक सबसे विशिष्ट नेता खो दिया

 

 

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के निधन पर उनके आवास पर जाकर श्रद्धांजलि अर्पित की और देश की प्रगति एवं विकास में उनके योगदान की प्रशंसा करते हुए कहा कि देश ने अपना एक सबसे विशिष्ट नेता खो दिया, सिंह को हमेशा एक सुधारवादी नेता के रूप में याद किया जाएगा।

 

 

भारत के पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह का 92 वर्ष की आयु में निधन हो गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनके आवास पर जाकर श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। प्रधानमंत्री मोदी ने एक विशेष वीडियो संदेश में मनमोहन सिंह के प्रधानमंत्री के रूप में कार्यकाल और स्वयं के गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में कार्यकाल के दौरान हुई बातचीत को याद किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. सिंह के निधन ने हम सभी के हृदय को गहरी पीड़ा पहुंचाई है। उनका जाना, एक राष्ट्र के रूप में भी हमारे लिए बहुत बड़ी क्षति है। विभाजन के उस दौर में बहुत कुछ खोकर भारत आना और यहां जीवन के हर क्षेत्र में उपलब्धियां हासिल करना, ये सामान्य बात नहीं है। अभावों और संघर्षों से ऊपर उठकर कैसे ऊंचाइयों को हासिल किया जा सकता है, उनके जीवन से ये सीख भावी पीढ़ी को मिलती रहेगी।

 

 

उन्होंने कहा कि एक नेक इंसान के रूप में, एक विद्वान अर्थशास्त्री के रूप में और रिफॉर्म्स के प्रति समर्पित लीडर के रूप में उन्हें हमेशा याद किया जाएगा। एक अर्थशास्त्री के रूप में उन्होंने अलग-अलग स्तर पर भारत सरकार में अनेक सेवाएं दीं। एक चुनौतीपूर्ण समय में उन्होंने रिजर्व बैंक के गवर्नर की भूमिका निभाई। पीवी नरसिम्हा राव की सरकार के वित्त मंत्री रहते हुए उन्होंने वित्तीय संकट से घिरे देश को एक नई अर्थव्यवस्था के मार्ग पर प्रशस्त किया। प्रधानमंत्री के रूप में देश के विकास में और प्रगति में उनके योगदान को हमेशा याद किया जाएगा।

 

 

 

प्रधानमंत्री ने कहा कि जनता के प्रति, देश के विकास के प्रति उनका जो कमिटमेंट था, उसे हमेशा बहुत सम्मान से देखा जाएगा। डॉ. सिंह का जीवन, उनकी ईमानदारी और सादगी का प्रतिबिंब था, वो विलक्षण सांसद थे। उनकी विनम्रता, सौम्यता और उनकी बौद्धिकता उनके संसदीय जीवन की पहचान बनी। मुझे याद है कि इस साल की शुरुआत में जब राज्यसभा में उनका कार्यकाल समाप्त हुआ, तब मैंने कहा था कि सांसद के रूप में डॉ. साहब की निष्ठा सभी के लिए एक प्रेरणा है। सत्र के समय अहम मौकों पर वो व्हील चेयर पर बैठकर आते थे, अपना संसदीय दायित्व निभाते थे।

 

 

 

 

उन्होंने कहा कि दुनिया के प्रतिष्ठित संस्थाओं की शिक्षा लेने और सरकार के अनेक शीर्ष पदों पर रहने के बाद भी वो अपनी सामान्य पृष्ठभूमि के मूल्यों को कभी भी नहीं भूले। दलगद राजनीति से ऊपर उठकर उन्होंने हमेशा हर दल के व्यक्ति से संपर्क रखा, सबके लिए सहज उपलब्ध रहे। जब मैं मुख्यमंत्री था तब डॉ. सिंह के साथ राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय अनेक विषयों पर खुले मन से चर्चाएं होती थीं। यहां दिल्ली आने के बाद भी मेरी उनसे समय-समय पर बात होती थी, मुलाकात होती थी। मुझे उनसे हुई मुलाकातें, देश को लेकर हुई चर्चाएं हमेशा याद रहेंगी। अभी जब उनका जन्मदिन था तब भी मैंने उनसे बात की थी।

 

 

 

प्रधानमंत्री ने कहा कि आज इस कठिन घड़ी में मैं उनके परिवार के प्रति अपने संवेदना व्यक्त करता हूं। मैं डॉ. सिंह को सभी देशवासियों की तरफ से श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। उल्लेखनीय है कि पूर्व प्रधानमंत्री सिंह का कल शाम नई दिल्ली स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान में निधन हो गया। वह 92 वर्ष के थे।

- Advertisement -

Royal Bulletin के साथ जुड़ने के लिए अभी Like, Follow और Subscribe करें |

 

Related Articles

STAY CONNECTED

74,854FansLike
5,486FollowersFollow
143,143SubscribersSubscribe

ताज़ा समाचार

सर्वाधिक लोकप्रिय