Sunday, February 23, 2025

मुज़फ्फरनगर-पहलवानों के समर्थन में सामने आयी सर्वखाप, 7 मई को दिल्ली जायेंगे खाप चौधरी

मुजफ्फरनगर। दिल्ली के जंतर मंतर पर धरना दे रहे खिलाडिय़ों के समर्थन में सर्वखाप चौधरी और जिम्मेदार लोग सात मई को दिल्ली कूच करेंगे। दिल्ली में ही भविष्य की रणनीति तय होगी। भाकियू अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत ने कहा कि यह लड़ाई खिलाडिय़ों के अस्तित्व बचाने की है। सभी मनमुटाव दूर कर एकजुट होकर खिलाडिय़ों का समर्थन करें। सरकार पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि यह सरकार अंग्रेजी शासन काल से भी खतरनाक है।

सोरम की ऐतिहासिक चौपाल पर आयोजित खाप चौधरियों की पंचायत में बालियान खाप के मुखिया और भाकियू अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत ने कहा कि जो खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीते हैं, उससे देश का नाम होता है ना की किसी जाति विशेष का। खिलाडिय़ों ने साहस दिखाकर उत्पीडऩ का विरोध किया। यह सभी के मान सम्मान की लड़ाई है। खिलाड़ी अपने अस्तित्व बचाने के लिए सहयोग मांग रहे हैं। यह हम सभी के मान-सम्मान की बात है। हम सभी मनमुटाव दूर कर मान-सम्मान बचाने के लिए खिलाडिय़ों का साथ दें।

सर्व खाप मंत्री सुभाष बालियान ने कहा कि सभी एकजुट होकर खिलाडिय़ों को न्याय दिलाने का कार्य करें। यदि खिलाडिय़ों को न्याय नहीं मिलता, तो उनके साथ अन्य खिलाडिय़ों का भी मनोबल टूटेगा।

अहलावत खाप के चौधरी गजेंद्र सिंह ने कहा कि खिलाडिय़ों के धरना देने से देश की भी बदनामी हो रही है। मगर, सरकार कोई कदम नहीं उठा रही है। पंचायत को बुडिय़ान खाप के चौधरी सचिन, सहरावत खाप के वरुण सहरावत,

श्योराज खाप के प्रतिनिधि चौधरी सिमौद, राठी खाप के जीत राठी सहित भाकियू नेता ओमपाल मलिक, नेत्रपाल सिंह पीनना, सतवीर सिंह, विजेंद्र बालियान, मास्टर ओमपाल सिंह, सत्येंद्र प्रधान व विपिन बालियान आदि ने संबोधित किया।अध्यक्षता लाटियान खाप के चौधरी वीरेंद्र सिंह लाटियान और संचालन मास्टर रामपाल सिंह ने किया।

हुड्डा खाप के चौधरी जितेंद्र सिंह ने कहा कि खिलाड़ी देश की धरोहर होते हैं। मगर, सरकार व उसके प्रतिनिधि खिलाडिय़ों को क्षेत्र व जाति के नाम पर बांटना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि खिलाडिय़ों के साथ जो मारपीट हुई है, वह निंदनीय है। पंचायत में सरकार के खिलाफ निर्णय लिया जाएं।

कुंडू खाप के चौधरी चौधरी उपेंद्र सिंह ने कहा कि यह खिलाडिय़ों के स्वाभिमान की बात है। आरोपी की अभी तक गिरफ्तारी ना होना दुर्भाग्यपूर्ण है।

बेनीवाल खाप के चौधरी अमित बेनीवाल ने कहा कि भाजपा पार्टी ना होकर प्राइवेट कंपनी की तरह कार्य कर रही है। आरोपी सांसद के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। घनघस खाप के चौधरी सुखपाल सिंह ने कहा कि सरकार खिलाडिय़ों पर अत्याचार कर रही है। धरना दे रहे खिलाडिय़ों तक सुविधा भी नहीं पहुंचाने दे रही है।

निर्वाल खाप के चौधरी राजबीर सिंह ने कहा कि यह खिलाडिय़ों के मान-सम्मान की बात है। खिलाडिय़ों के मान-सम्मान को बचाने के लिए कड़े निर्णय लेने चाहिए।

देशवाल खाप के चौधरी शरणवीर सिंह ने कहा कि सर्व खाप पंचायत के निर्णय अटल व सफल होते हैं। पंचायत में जो भी निर्णय लिया जाएगा। देशवाल खाप उस निर्णय के साथ रहेगी।

गठवाला खाप के थांबेदार चौधरी श्याम सिंह ने कहा कि बेटियां मेडल आकर देश का नाम रोशन करती हैं। उनका शोषण हो रहा है, जो गलत है। आरोपी सांसद को जेल भेजा जाना चाहिए।

- Advertisement -

Royal Bulletin के साथ जुड़ने के लिए अभी Like, Follow और Subscribe करें |

 

Related Articles

STAY CONNECTED

74,854FansLike
5,486FollowersFollow
143,143SubscribersSubscribe

ताज़ा समाचार

सर्वाधिक लोकप्रिय