शामली। जनपद शामली में घने कोहरे और कड़ाके की ठंड ने आम जनजीवन को पूरी तरह प्रभावित कर दिया है। सुबह और देर रात घना कोहरा छाए रहने से लोग आवश्यक कार्यों के अलावा घरों से बाहर निकलने से बच रहे हैं। ठंड बढ़ने के कारण बाजारों, चौराहों और सार्वजनिक स्थानों पर सन्नाटा पसरा दिखाई दिया, जिससे रोजमर्रा का कारोबार भी प्रभावित हुआ है।
सोमवार को मौसम का अधिकतम तापमान 19 डिग्री सैल्सियस और न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सैल्सियस दर्ज किया गया। सवेरे से ही आसमान में कोहरा छाया रहा। कोहरे के कारण सड़कों और हाईवों पर दृश्यता काफी कम रही। जिससे वाहन चालकों को अपने गणत्वय की ओर जाने में काफी दिक्कते हो रही थी।
शामली के मेरठ-करनाल मार्ग, दिल्ली यमनोत्री मार्ग, पानीपत खटीमा मार्ग पर कोहरा से दृश्यता कम रही है। जिससे वाहल चालक दुर्घटनाओं की आशंका के चलते रेंगते हुए गुजरे। कई वाहन चालक को हादसों की आशंका के चलते सड़क किनारे खड़े रहे। बढ़ती ठंड के कारण लोगों का जनजीवन पूरी तरह से अस्त व्यस्त दिखाई दिया। शाम होने पर ठंड का प्रकोप और अधिक बढ़ गया था। रात्रि में तापमान गिरने से लोग घरों में दुबके रहे और पूरे शहर में सन्नाटा पसरा रहा।