मुजफ्फरनगर। जिले में शनिवार शाम को राष्ट्रभक्ति और सैन्य शौर्य को समर्पित ‘भारत शौर्य तिरंगा यात्रा’ का आयोजन किया जाएगा, जो भारतीय सेना के पराक्रम और बलिदान का उत्सव होगी। इस यात्रा को लेकर राज्य मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने शुक्रवार को पूरे जोश और उत्साह के साथ जिले के युवाओं और नागरिकों को आमंत्रित किया।
मुजफ्फरनगर में बीजेपी नेता के भाई की स्कूटर चेकिंग पर बवाल: दरोगा-सिपाही होंगे लाइन हाजिर
मंत्री अग्रवाल ने सुबह स्पोर्ट्स स्टेडियम में विभिन्न खेलों का अभ्यास कर रहे युवाओं से संवाद किया और उन्हें भारतीय सेना की वीरगाथा से प्रेरित किया। उन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ की गई सर्जिकल स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर जैसे अभियानों का जिक्र करते हुए युवाओं को बताया कि यह यात्रा केवल एक परेड नहीं, बल्कि देश के प्रति श्रद्धांजलि है।
इसके बाद मंत्री ने नुमाइश ग्राउंड, कंपनी बाग और राजकीय इंटर कॉलेज मैदान में मॉर्निंग वॉक पर आए नागरिकों से भी मुलाकात की। उन्होंने बताया कि यह तिरंगा यात्रा हर उस भारतीय के लिए है, जो देश की एकता और अखंडता में विश्वास रखता है। मंत्री ने सभी से आग्रह किया कि वे पूरे उत्साह के साथ इसमें भाग लें और इसे ऐतिहासिक बनाएं।
तिरंगा यात्रा शनिवार शाम 5 बजे टाउन हॉल मैदान से प्रारंभ होगी। यात्रा का उद्देश्य सेना के शौर्य और देश के प्रति नागरिकों की निष्ठा को प्रकट करना है। भाजपा के जिला मंत्री एवं कार्यक्रम संयोजक सुधीर खटीक, मंडल महामंत्री राधे वर्मा, मंडल उपाध्यक्ष नितिन गर्ग, विवेक चौहान, पूर्व सभासद नवनीत कुच्छल और अन्य पार्टी पदाधिकारी भी इस आयोजन की तैयारियों में सक्रिय रूप से जुड़े हुए हैं।