मेरठ। मेरठ के थाना खरखौदा क्षेत्र में एक युवक ने यातायात व्यवस्था का संचालन कर रहे दरोगा और सिपाही के ऊपर कार चढ़ा दी। इससे दरोगा घायल हो गया, इतना ही नहीं आरोपी को हिरासत में लेने पर उसके भाई ने थाने में सिपाही के साथ मारपीट कर दी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है।
खरखौदा में एक पुलिया का निर्माण कार्य जारी है। इससे जाम को नियंत्रित करने के लिए यातायात सिपाहियों की ड्यूटी लगी है। डयूटी में लगे सिपाही और दरोगा पर युवक ने कार चढ़ा दी। जिससे दरोगा घायल हो गया।
थाने के सिपाही गौरव कुमार ने बताया कि बुधवार रात वह दरोगा शिवम के साथ यातायात व्यवस्था संभाल रहे थे। इसी दौरान आई-20 कार तेज रफ्तार से आई। चालक ने सिपाही पर गाड़ी चढ़ाने का प्रयास किया। सिपाही गौरव बच गया। लेकिन कार का पहिया दरोगा शिवम के पैर पर चढ़ गया। जिससे उनके हाथ और पैर में गंभीर चोटें आईं।
कार चालक शिवांग त्यागी ने दरोगा और सिपाही के साथ गाली-गलौज की। आरोपी ने धमकी देते हुए सिपाही की वर्दी भी फाड़ दी। कुछ देर बाद आरोपी का भाई माधव त्यागी अपने साथियों के साथ थाने पहुंचा और थाने में सिपाही के साथ मारपीट की। इस संबंध में सिपाही की तहरीर पर शिवांग त्यागी, माधव त्यागी और एक अन्य के खिलाफ जानलेवा हमला समेत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।