कुलदीप सिंह सेंगर की अपील पर अब होगी रोजाना सुनवाई, उन्नाव कस्टोडियल डेथ केस में दिल्ली हाई कोर्ट का फैसला
नई दिल्ली। उन्नाव कस्टोडियल डेथ (हिरासत में मौत) मामले में दिल्ली हाई कोर्ट ने आज (3 फरवरी 2026) पूर्व भाजपा विधायक कुलदीप सिंह सेंगर को लेकर एक महत्वपूर्ण आदेश जारी किया है। कोर्ट ने अब सेंगर की दोषसिद्धि के खिलाफ दायर मुख्य अपील पर रोजाना सुनवाई (Daily Hearing) करने का फैसला किया है।
न्यायमूर्ति रविंदर डूडेजा की पीठ ने इस मामले की सुनवाई करते हुए इसे रोजाना आधार पर लिस्ट करने का निर्देश दिया। कोर्ट ने माना कि चूंकि सेंगर की सजा को निलंबित करने की याचिका पहले ही खारिज की जा चुकी है और अपील के निपटारे में देरी हो रही है, इसलिए न्याय के हित में मुख्य अपील पर रोजाना सुनवाई करना जरूरी है। रोजाना सुनवाई की प्रक्रिया 11 फरवरी 2026 से औपचारिक रूप से शुरू होगी। कोर्ट ने स्पष्ट कर दिया है कि उसकी 10 साल की सजा पर कोई रोक (Stay) नहीं है। सेंगर फिलहाल जेल में ही रहेगा।
इससे पहले 19 जनवरी 2026 को दिल्ली हाई कोर्ट ने कुलदीप सिंह सेंगर की उस अर्जी को खारिज कर दिया था, जिसमें उसने अपनी 10 साल की सजा को निलंबित करने और जमानत देने की मांग की थी। सेंगर ने कोर्ट में कहा था कि वह करीब साढ़े सात साल की जेल काट चुका है और अब उसकी केवल 11 महीने की सजा बाकी है। साथ ही उसने डायबिटीज और आंखों की बीमारियों का हवाला देते हुए इलाज की मांग की थी।पीड़िता के वकील महमूद प्राचा ने जमानत का कड़ा विरोध करते हुए कहा था कि सेंगर के बाहर आने से परिवार की सुरक्षा को खतरा हो सकता है। कोर्ट ने तब कड़ी टिप्पणी की थी कि "एक परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य की हिरासत में हत्या के मामले में कोई नरमी नहीं बरती जा सकती।"
यह मामला 2017 की उन्नाव बलात्कार पीड़िता के पिता की मौत से जुड़ा है । पीड़िता के पिता को अवैध हथियार रखने के आरोप में (सेंगर के दबाव में) गिरफ्तार किया गया था। पुलिस हिरासत में मारपीट और गंभीर चोटों के कारण उनकी मृत्यु हो गई। ट्रायल कोर्ट ने कुलदीप सिंह सेंगर, उसके भाई अतुल सेंगर और अन्य को 'गैर इरादतन हत्या' (Section 304 IPC) और साजिश का दोषी मानते हुए 10 साल के कठोर कारावास की सजा सुनाई थी।
आपको यह खबर कैसी लगी? अपनी राय नीचे कमेंट बॉक्स में ज़रूर दे। आपकी राय रॉयल बुलेटिन को और बेहतर बनाने में बहुत उपयोगी होगी।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर हमें फॉलो करें और हमसे जुड़े रहें।
(Follow us on social media platforms and stay connected with us.)
Youtube – https://www.youtube.com/@RoyalBulletinIndia
Facebook – https://www.facebook.com/royalbulletin
Instagram: https://www.instagram.com/royal.bulletin/
Twitter – https://twitter.com/royalbulletin
Whatsapp – https://chat.whatsapp.com/Haf4S3A5ZRlI6oGbKljJru
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
मूल रूप से गोरखपुर की रहने वाली अर्चना सिंह वर्तमान में 'रॉयल बुलेटिन' में ऑनलाइन न्यूज एडिटर के रूप में कार्य कर रही हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 10 वर्षों से अधिक का गहरा अनुभव है। नोएडा के प्रतिष्ठित 'जागरण इंस्टीट्यूट' से इलेक्ट्रॉनिक एवं प्रिंट मीडिया में मास्टर्स की डिग्री प्राप्त अर्चना सिंह ने अपने करियर की शुरुआत 2013 में पुलिस पत्रिका 'पीसमेकर' से की थी। इसके उपरांत उन्होंने 'लाइव इंडिया टीवी' और 'देशबंधु' जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अपनी सेवाएं दीं।
वर्ष 2017 से 'रॉयल बुलेटिन' परिवार का अभिन्न अंग रहते हुए, वे राजनीति, अपराध और उत्तर प्रदेश के सामाजिक-सांस्कृतिक मुद्दों पर प्रखरता से लिख रही हैं। गोरखपुर की मिट्टी से जुड़े होने के कारण पूर्वांचल और पूरे उत्तर प्रदेश की राजनीति पर उनकी विशेष पकड़ है।

टिप्पणियां