नई दिल्ली। आज भारत के लिए गौरव और इतिहास का दिन है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अफ्रीकी देश इथियोपिया ने अपने सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘द ग्रेट ऑनर निशान ऑफ इथियोपिया’ से सम्मानित किया। खास बात यह है कि पीएम मोदी इस सम्मान को पाने वाले दुनिया के पहले ग्लोबल राष्ट्राध्यक्ष बन गए हैं। यह सिर्फ व्यक्तिगत सम्मान नहीं, बल्कि 140 करोड़ भारतीयों की प्रतिष्ठा और भारत की कूटनीतिक ताकत का प्रतीक है।
प्रधानमंत्री मोदी ने यह सम्मान स्वीकार करते हुए कहा कि यह उनके लिए अत्यंत गौरव की बात है और उन्होंने इसे सभी भारतवासियों की ओर से विनम्रता के साथ ग्रहण किया। उन्होंने आगे कहा कि यह सम्मान उनका व्यक्तिगत नहीं, बल्कि उन अनगिनत भारतीयों का है जिन्होंने भारत और इथियोपिया के बीच साझेदारी को मजबूत किया।
इथियोपिया जैसी विश्व की सबसे प्राचीन और समृद्ध सभ्यताओं में से एक द्वारा यह सर्वोच्च सम्मान प्रदान किया जाना भारत के वैश्विक मंच पर बढ़ते नेतृत्व और भरोसेमंद कूटनीतिक स्थिति को दर्शाता है।