गाजियाबाद में बोले डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक...'ये भाजपा है जनाब! यहां मंच पर बैठने वाला ताली बजाने वालों में भी हो सकता है, पंक्ति में बैठा कल हमारी जगह ले सकता है'
गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री माननीय बृजेश पाठक रविवार को गाजियाबाद दौरे पर रहे। इस अवसर पर कविनगर स्थित रामलीला मैदान, जानकी भवन में एक महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री ने अपने खास अंदाज में कहा, “ये भाजपा का संगठन है जनाब, यहां जो आज मंच पर है वह कल सामने पंक्ति में ताली बजाने वालों में भी हो सकता है और सामने बैठे कार्यकर्ता में से कोई भी आगे चलकर मंच पर हमारी जगह ले सकता है। यह केवल भाजपा में ही संभव है।” उनके इस वक्तव्य ने कार्यकर्ताओं में नया उत्साह और ऊर्जा भर दी।
बैठक में SIR अभियान के द्वितीय चरण की यथास्थिति को लेकर संगठन पदाधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ विस्तृत चर्चा एवं समीक्षा की गई।
उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने 16, 17 एवं 18 जनवरी को चल रहे विशेष अभियान तथा आगामी दिनों में निरंतर चलने वाले मतदाता सहयोग अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए कार्यकर्ताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक का मतदाता सूची में नाम होना आवश्यक है और इस कार्य में भाजपा कार्यकर्ता पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ जुटे हुए हैं।
उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक जी ने SIR अभियान से जुड़े सभी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे मतदाता सहयोग कार्यक्रम में पूरी तत्परता से भाग लें और अधिक से अधिक लोगों को मतदाता सूची में जोड़ने में सहयोग करें, ताकि प्रत्येक नागरिक अपने मताधिकार का प्रयोग कर सके।
बैठक में क्षेत्रीय अध्यक्ष सत्येंद्र सिसोदिया, प्रदेश मंत्री वसंत त्यागी, पूर्व राज्यसभा सांसद अनिल अग्रवाल, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष मानसिंह गोस्वामी, भाजपा महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल, जिला अध्यक्ष चैन पाल सिंह, विधायक अजीत पाल त्यागी, विधायक संजीव शर्मा, विधायक नन्द किशोर गुर्जर, पूर्व महापौर आशु वर्मा, बलदेव राज शर्मा, अशोक गोयल सहित अनेक वरिष्ठ नेता एवं पदाधिकारी मंचासीन रहे।
इस अवसर पर भाजपा महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल ने उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक जी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन से SIR अभियान को नई दिशा और गति मिलेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता मतदाता सहयोग अभियान को जन-जन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर हमें फॉलो करें और हमसे जुड़े रहें।
(Follow us on social media platforms and stay connected with us.)
Youtube – https://www.youtube.com/@RoyalBulletinIndia
Facebook – https://www.facebook.com/royalbulletin
Instagram: https://www.instagram.com/royal.bulletin/
Twitter – https://twitter.com/royalbulletin
Whatsapp – https://chat.whatsapp.com/Haf4S3A5ZRlI6oGbKljJru
