भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा का कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे पर पलटवार, झूठ परोसने का लगाया आरोप
नयी दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने बुधवार को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के दावों को भ्रामक और झूठ का पुलिंदा बताते हुए कहा कि कांग्रेस के पास झूठ परोसने के अलावा कोई काम नहीं है। नड्डा ने एक्स पर अपने पोस्ट में लिखा , "कांग्रेस मध्य प्रदेश हारी, छत्तीसगढ़ हारी, महाराष्ट्र हारी, दिल्ली और बिहार में आपका सूपड़ा साफ़ हो गया। इसके बाद भी खरगे झूठ की खेती करने से बाज नहीं आ रहे।"
नड्डा ने कहा कि आज भारत दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है बल्कि तमाम उथलपुथल के बीच दुनिया की सबसे तेज गति से बढ़ती हुई अर्थव्यवस्था भी है। भारत का विदेशी मुद्रा भंडार रिकॉर्ड ऊंचाइयों पर है लेकिन आपको ये दिखाई नहीं देगा क्योंकि आपकी मंशा तो देश को बदनाम करने की है। देश की सेना पर सवाल उठाने पर उन्होंने कहा कि 'ऑपरेशन सिंदूर' को पूरी दुनिया ने सलाम किया लेकिन आपके तमाम नेता पाकिस्तान की भाषा बोलते रहे। उन्होंने तंज कसा कि कांग्रेस को दूसरे देशों पर विश्वास है, यहाँ तक कि पाकिस्तान के नेताओं पर विश्वास है लेकिन देश की सेना पर नहीं, देश की संसद पर नहीं, देश के प्रधानमंत्री पर नहीं, देश के रक्षा मंत्री पर नहीं।
नड्डा ने कहा कि मंहगाई पर आपने गलत बयानी की और जीएसटी सुधारों से देश की अर्थव्यवस्था को किस तरह फायदा हुआ है, ये तो दुनिया के तमाम आर्थिक विशेषज्ञ बता रहे हैं। उन्होंने श्री राहुल गांधी पर निशाना साधते हुये कहा कि कांग्रेस नेता 'न्यू ईयर' की छुट्टियाँ मना रहे हैं तो हमारी सरकार, प्रधानमंत्री बैठक करके आधारभूत संरचना को मंजूरी दे रहे हैं। नड्डा ने कहा कि खरगे और उनकी पार्टी ने न्यायपालिका को जितना बदनाम इतना आजतक किसी ने नहीं किया। आपके हिसाब का फैसला नहीं हुआ तो उच्चतम न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश के खिलाफ आप महाभियोग लेकर आ गए, अब मद्रास उच्च न्यायालय के खिलाफ महाभियोग लेकर आ गए।
नड्डा ने अरावली पर खरगे को घेरते हुये कहा कि कांग्रेस की सरकारों में पहाड़ों की खुली लूट हो रही थी। कांग्रेस ने अरावली को खोद-खोद कर उजाड़ने का काम किया। हमने तो अदालत के निर्णयानुसार उस पर रोक लगाई और खनन को सीमित किया। भाजपा अध्यक्ष ने अपनी पोस्ट में खरगे को नसीहत देते हुए लिखा कि झूठ परोसना बंद कीजिये और आत्ममुग्धता के बजाय आत्मचिंतन कीजिये।
