नोएडा-ग्रेटर में सड़क हादसे, महिला समेत 3 की मौत, 6 घायल

नोएडा। जनपद गौतमबुद्व नगर के नोएडा एवं ग्रेटर नोएडा क्षेत्र में हुए हुए सड़क हादसों में एक महिला समेत 3 लोगों की मौत हो गई। इन घटनाओं में 6 लोग घायल भी हुए है। घायलों को उपचार के लिए अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
थाना सेक्टर-39 के प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि सत्यपाल सिंह उम्र 56 वर्ष सेक्टर-135 में रहते थे। वह अपनी कार में सवार होकर छलेरा गांव के पास से गुजर रहे थे, तेज गति से जा रही है उनकी कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। इस घटना में उन्हें गंभीर चोट आई। उनको उपचार के लिए कैलाश अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां पर उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई है।
थाना सेक्टर-20 के प्रभारी निरीक्षक डीपी शुक्ला ने बताया कि इंद्रजीत सरकार नामक शख्स ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि उनकी मौसी देवी हलदार पत्नी विनय हलदार अपने घर सेक्टर-27 से लौट रही थी। सेक्टर-26 के पास एक अज्ञात वाहन चालक ने उन्हें टक्कर मार दिया। गंभीर हालत में महिला को दिल्ली के राम मनोहर लोहिया अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां पर उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। उन्होंने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर घटना की रिपोर्ट दर्जकर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
थाना बादलपुर के प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि सुभाष नामक शख्स ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि उसका भाई सनी कुमार पुत्र राजवीर अपनी महिंद्रा पिकअप में सवार होकर हाथरस से दिल्ली जा रहा था। ग्राम धूम मानिकपुर के पास एक ट्रक ने महिंद्रा पिकअप को टक्कर मार दिया। पीड़ित के अनुसार इस घटना में उसका भाई गंभीर रूप से घायल हो गया जबकि क्लीनर मनोज की उपचार के दौरान मौत हो गई। उन्होंने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
थाना बिसरख के प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि एक व्यक्ति ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि उसका भाई अमन कुमार बाइक पर सवार होकर कहीं जा रहा था तभी एक अज्ञात वाहन चालक ने तेजी और लापरवाही से वाहन चलाते हुए टक्कर मार दिया। इस घटना उसके भाई की हाथ की हड्डी टूट गई है। उन्होंने बताया कि उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। थाना प्रभारी ने बताया कि घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है। उन्होंने बताया कि एक महिला ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि वह तथा पति अंकुर गुप्ता अपने बच्चों को स्कूटी से छोड़कर वापस घर आ रहे थे तभी गौर सिटी के पास अज्ञात वाहन चालक ने उनकी स्कूटी में टक्कर मार दिया। इस घटना में उन्हें गंभीर चोट आई है। उन्हें उपचार के लिए यथार्थ अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। उन्होंने बताया कि घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
थाना बीटा-टूके प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि हरीश कुमार ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि मेरा भतीजा हर्ष पुत्र उम्मेद अपनी मोटरसाइकिल पर सवार होकर चुहड़पुर अंडरपास के पास से गुजर रहा था, तभी एक हुंडई इमेज कार के चालक ने विपरीत दिशा से वाहन चलाते हुए उसे टक्कर मार दिया। उन्होंने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है। घायल युवक को उपचार के लिए जिम्स अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
इसके अलावा थाना सेक्टर-24 के प्रभारी निरीक्षक विद्युत गोयल ने बताया कि अजीत कुमार यादव ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि वह चैड़ा गांव में रहता है। पीड़ित के अनुसार वह बाइक पर सवार होकर सेक्टर-62 से चौड़ा रघुनाथपुर गांव जा रहे थे। तभी सेक्टर-54 के पास अज्ञात वाहन चालक ने उसे टक्कर मार दिया। इस घटना में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्होंने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।