शामली में दहेज उत्पीड़न और गैंगरेप के आरोप में दो अभियुक्त गिरफ्तार

शामली। झिंझाना थाना क्षेत्र की एक महिला द्वारा दहेज की मांग को लेकर उत्पीड़न और सामूहिक बलात्कार का आरोप लगाए जाने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने इस गंभीर प्रकरण में वांछित दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस अधीक्षक के आदेश पर चलाए जा रहे महिला/बालिका अपराध विरोधी अभियान के अंतर्गत अपर पुलिस अधीक्षक शामली के निर्देशन व क्षेत्राधिकारी कैराना के पर्यवेक्षण में थाना झिंझाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों अभियुक्तों को 08 सितंबर 2025 को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान तासीन पुत्र फजलहक व नईम पुत्र नूसा उर्फ यूनुस के रूप में हुई है, दोनों निवासी ग्राम बसी, थाना गंगोह, जनपद सहारनपुर हैं।
गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उप निरीक्षक राघवेंद्र सिंह, हेड कांस्टेबल अशोक कुमार और होमगार्ड संजीव कुमार शामिल रहे।