दिल्ली-एनसीआर में शीतलहर का प्रकोप, न्यूनतम पारा 3–4 डिग्री तक लुढ़का, एक्यूआई अब भी लाल निशान में
नोएडा। दिल्ली समेत पूरे राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में कड़ाके की ठंड और शीतलहर का असर लगातार बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार न्यूनतम तापमान 3 से 4 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया जा रहा है। दिल्ली के कुछ इलाकों में रात के समय पारा 3 डिग्री तक पहुंच गया। ठंड के चलते सुबह और रात में शीतलहर की स्थिति बनी हुई है।
वहीं गाजियाबाद के एक्यूआई आंकड़ों के मुताबिक इंदिरापुरम में 213, लोनी में 344, संजय नगर में 254 और वसुंधरा में 317 एक्यूआई दर्ज किया गया है। दिल्ली के प्रमुख इलाकों में एक्यूआई की स्थिति और भी खराब है। पंजाबी बाग में 313, पूसा में 343, आर.के. पुरम में 330, रोहिणी में 311, शादिपुर में 294, सिरिफोर्ट में 331, सोनिया विहार में 306, श्री अरबिंदो मार्ग में 301 और विवेक विहार में 312 एक्यूआई दर्ज किया गया है। विशेषज्ञों का कहना है कि ठंड और कोहरे के चलते प्रदूषक कण वातावरण में नीचे ही फंसे रहते हैं, जिससे एक्यूआई लंबे समय तक लाल निशान के पार बना हुआ है। ऐसे में लोगों को सुबह-शाम बाहर निकलने से बचने, मास्क का इस्तेमाल करने और बुजुर्गों व बच्चों का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी गई है।
