नोएडा। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से सटे नोएडा शहर में रहने वाली एक किशोरी को अगवा कर उसे बंधक बनाकर सामूहिक दुष्कर्म करने वाले दो आरोपियों को थाना फेस-वन पुलिस ने आज गिरफ्तार किया है। उन्हें आज न्यायालय में पेश किया गया, जहां से कोर्ट ने उनको 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। दोनों आरोपियों ने किशोरी को दिल्ली के न्यू अशोक नगर के एक कमरे में छिपाकर रखा था। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।
थाना फेस- वन के प्रभारी निरीक्षक अमित कुमार मान ने बताया कि कक्षा नौ में पढ़ने वाली 15 वर्षीय किशोरी 30 सितंबर को अचानक घर से लापता हो गई। परिजनों ने उसे अपने स्तर पर तलाश किया, लेकिन कहीं सुराग नहीं मिला। किशोरी के पिता ने इस मामले में जिला बुलंदशहर के सिकंद्राबाद निवासी यथार्थ भाटी और शुभम सिंह पर अगवा कर ले जाने का आरोप लगाते हुए एफआईआर दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि पुलिस लगातार आरोपियों को पकड़ने और किशोरी को बरामद करने में जुटी थी। बीते दिनों चार नवंबर को सूचना के आधार पर पुलिस ने किशोरी को जिला हरदोई की गुप्ता कॉलोनी में रहने वाले यश गुप्ता के कमरे से बरामद कर लिया। उन्होंने बताया कि किशोरी का डाक्टरी परीक्षण करवाया गया तथा उसे न्यायालय में बयान के लिए पेश किया गय।
किशोरी ने मजिस्ट्रेट के समक्ष दिए बयान में बताया कि उसके साथ यथार्थ भाटी और यश गुप्ता ने दुष्कर्म किया है। इसके बाद पुलिस ने आज एक सूचना के आधार पर न्यू अशोक नगर बॉर्डर के पास से दोनों को गिरफ्तार कर लिया। जांच में पता चला कि यथार्थ भाटी ने इंस्टाग्राम के जरिये किशोरी से संपर्क किया और प्रेम जाल में फंसा लिया। 30 सितंबर को वह उसे अपने साथ ले गया और यश गुप्ता के कमरे पर छिपाकर रखा।
पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपी एक प्राइवेट कंपनी में काम करते हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई की है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया। जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।