नोएडा। जनपद गौतमबुद्व नगर के नोएडा एवं ग्रेटर नोएडा क्षेत्र में रहने वाली दो विवाहिताओं के साथ मारपीट करने का मामला सामने आया है। थाना सेक्टर- 58 मे एक महिला ने अपने पति समेत ससुराल पक्ष के पांच लोग के खिलाफ दहेज उत्पीड़न और मारपीट सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज करवाया है।
इसके अलावा थाना ईकोटेक—3 क्षेत्र के कुलेसरा गांव में रहने वाली एक महिला ने अपने पति पर मानसिक उत्पीड़न और मारपीट करने का आरोप लगाया है। दोनों विवाहिताओं की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है।
थाना सेक्टर- 58 के प्रभारी निरीक्षक अमित कुमार सिंह ने बताया कि कीर्ति सिंह ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि वह सेक्टर 62 स्थित एक सोसायटी में रहती हैं। महिला के अनुसार उनकी शादी हिंदू रीति रिवाज से वर्ष 2024 में डॉक्टर रोहित कुमार सिंह के साथ हुई थी। महिला का आरोप है की शादी के समय से उनके पति रोहित, ससुर अरुण कुमार सिंह, सास गीता सिंह, ननद रश्मि सिंह और पूजा सिंह उनके साथ दहेज को लेकर मारपीट करने के साथ उसका उत्पीड़न कर रहे हैं। महिला के अनुसार ये लोग दहेज में 50 लाख रुपए की रकम और कार की मांग कर रहे हैं।
पीड़ित के अनुसार दहेज की मांग पूरी ना होने पर उसके ससुराल वालों ने उसे जमकर पीटा। इस घटना में उसका दांत टूट गया, तथा गंभीर चोट आई। उसे उपचार के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। थाना प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि महिला की शिकायत पर घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
वहीं थाना ईकोटेक—3 क्षेत्र के कुलेसरा गांव में रहने वाली एक महिला ने अपने पति पर मानसिक उत्पीड़न और मारपीट करने का आरोप लगाया है। आरोप है कि पति ने उसे चाकू मारने का प्रयास किया। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने पति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, उत्तराखंड के चंपावत निवासी धनी देवी अपने पति गोपाल रावत के साथ कुलेसरा गांव में किराये के मकान में रहती है। पीड़िता का आरोप है कि उसका पति आए दिन मारपीट करता है। महिला के चेहरे व गले में चोट के निशान मिले हैं।