नोएडा में 25 करोड़ के जंगल ट्रेल पार्क का उद्घाटन, कबाड़ से बनी 650 से अधिक जानवरों की आकृतियां
नोएडा। नोएडा प्राधिकरण ने सोमवार को नोएडावासियों को एक और मनोरंजन की सौगात दी। सेक्टर-94 महामाया फ्लाईओवर के पास 25 करोड़ की लागत से निर्मित जंगल ट्रेल (वेस्ट आर्ट से बनाया गया आर्टिफिशियल जू ) पार्क का लोकार्पण नोएडा विधायक पंकज सिंह द्वारा किया गया।
नोएडा प्राधिकरण के उद्यान विभाग के अधिकारियों ने बताया कि नोएडा में कबाड़ से बना दुनिया का सबसे अनोखा जंगल लोगों के लिए आज से खोल दिया गया है। उन्होंने बताया कि नोएडा के जंगल ट्रेल पार्क को दिल्ली के प्रसिद्ध वेस्ट टू वंडर पार्क की तर्ज पर बनाया गया है। इसे महामाया फ्लाईओवर और दलित प्रेरणा स्थल के बीच यमुना किनारे करीब 18.3 एकड़ क्षेत्र में तैयार किया गया है। इस पार्क की खासियत यह है कि इसमें 500 टन लोहे और प्लास्टिक के कबाड़ से अलग-अलग जानवरों और पक्षियों की मूर्तियां तैयार की गई हैं। जिसमें अफ्रीकी शेर, हाथी, बाघ, जिराफ, हिरण, कंगारू, इमू, पेंगुइन और रंगबिरंगे पक्षी आदि शामिल हैं।
उद्यान विभाग के अधिकारियों ने बताया कि नोएडा के इस पार्क को एक पर्यटक स्थल के रूप में तैयार किया गया है। इसे सरकारी-निजी भागीदारी मॉडल पर संचालित किया जा रहा है। जिसका प्रवेश शुल्क 120 रुपये है, जिसका भुगतान ऑनलाइन या नकद दोनों तरह से किया जा सकेगा। यहां कबाड़ और लोहे से बनाई गईं 650 से अधिक पशु-पक्षियों की आकृतियां मुख्य आकर्षण का केन्द्र बनी हुई है। यहां पर रॉक क्लाइंबिंग, जिप लाइन, जिप साइकलिंग और अन्य एडवेंचर गेम्स उपलब्ध है। लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान नोएडा भाजपा जिलाध्यक्ष महेश चौहान, सांसद प्रतिनिधि संजय बाली सहित अन्य लोग मौजूद रहें।
