नोएडा में व्हाट्सएप शेयर मार्केट ठगी: 49 लाख रुपए का चूना
नोएडा। कमिश्नरेट गौतमबुद्ध नगर के थाना साइबर क्राइम में एक व्यक्ति ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि एक युवती ने शेयर मार्केट में निवेश कर मोटा मुनाफा कमाने का झांसा देकर उसे अपने जाल में फंसाया। इसके बाद दोनों के बीच व्हाट्सएप पर बातचीत होने लगी। एक दो दिन बाद पीड़ित को एक व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ दिया गया। इस ग्रुप में कई लोग पहले से मौजूद थे। सभी लोग ग्रुप में मुनाफे का स्क्रीनशॉट डाल रहे थे। युवती के कहने पर उसने 49 लाख 26 हजार निवेश कर दिया। बाद में युवती ने संपर्क तोड़ दिया। पीड़ित की शिकायत पर घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
अपर पुलिस उपायुक्त साइबर क्राइम शैव्या गोयल ने बताया कि राजेश कुमार पुत्र संतलाल निवासी ग्राम लखनावली ने साइबर क्राइम थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि कुछ दिन पहले एक युवती ने व्हाट्सएप पर उनसे संपर्क किया तथा कहा कि अगर वह शेयर मार्केट में इनवेस्ट करेंगी तो उन्हें मोटा मुनाफा होगा। पीड़ित के अनुसार महिला ने बातचीत के दौरान उन्हें अपने जाल में फंसाया तथा एक ग्रुप से जोड़ा, जिसमें काफी लोग शेयर बाजार से जुड़े हुए दिखाई दे रहे थे। वे लोग अपने मुनाफे की स्क्रीनशॉट भी ग्रुप पर डाल रहे थे।
पीड़ित के अनुसार वह उनके झांसे में आ गया तथा उसने आरोपियों के कहे हुए उनके विभिन्न खातों में 49 लाख 26 हजार रुपया ट्रांसफर कर दिया। पीड़ित के अनुसार उसकी रकम ऐप पर बढ़ी हुई दिखाई दे रही थी, लेकिन जब उसनेे रकम निकालने की कोशिश की तो आरोपियों ने टैक्स और अन्य मद में और रकम जमा करने की मांग की। तब पीड़ित को ठगी का शक हुआ। इस मामले में पीड़ित ने थाना साइबर क्राइम में मुकदमा दर्ज करवाया है। उन्होंने बताया कि पुलिस मुकदमा दर्ज कर उन एकाउंट्स का पता लग रही है जिसमें रकम ट्रांसफर हुई है।
