राजस्थान में जमा देने वाली ठंड, सीकर में पारा -2.4 डिग्री तक लुढ़का
जयपुर। राजस्थान में दो दिन पहले हुई बारिश और ओलावृष्टि के बाद अब प्रदेश भीषण शीतलहर की चपेट में आ गया है। बर्फीली हवा के कारण कई जिलों में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे चला गया है। शेखावाटी अंचल में हालत सबसे ज्यादा खराब हैं, जहां खेतों और वाहनों पर बर्फ जम रही है। शनिवार रात को सीकर में न्यूनतम तापमान -2.4 डिग्री सेल्सियस मापा गया, जो इस सीजन का सबसे कम तापमान है। वहीं फतेहपुर सहित आसपास के इलाकों में भी पारा माइनस में रहा। रविवार सुबह खुले इलाकों, खेतों और पाइपों में जमी बर्फ ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। मौसम विभाग ने रविवार को प्रदेश के सात जिलों में शीतलहर की चेतावनी जारी की है। बर्फीली हवा के चलते गलन भरी सर्दी महसूस की जा रही है। प्रदेश के सात जिलों में न्यूनतम तापमान पांच डिग्री सेल्सियस से नीचे आ गया है। हालांकि 26 जनवरी को मौसम साफ रहने और कोल्ड वेव से कुछ राहत मिलने की संभावना जताई गई है, लेकिन 27 जनवरी को उत्तर-पूर्वी राजस्थान में फिर से मौसम बदल सकता है। विभाग ने बादल छाने, तेज हवाएं चलने, बारिश और कहीं-कहीं ओले गिरने की चेतावनी जारी की है।
सीकर, डीडवाना, फतेहपुर और शेखावाटी के अन्य इलाकों में फसलों पर बर्फ जमने से नुकसान की आशंका बनी हुई है। शनिवार सुबह भी खेतों में ओस और बर्फ जमी रही। कई किसान फसलों को बचाने के लिए तिरपाल और कपड़ों से ढकने को मजबूर हैं। डीडवाना के मकराना क्षेत्र में खेतों के सिंचाई पाइपों में बर्फ जम गई, जिससे खेती कार्य प्रभावित हुआ है। मनाना गांव में फसलों के खराब होने की सूचना भी सामने आई है। पिछले 24 घंटों में आसमान साफ रहने के बावजूद ठंड से राहत नहीं मिली। धूप निकलने के बाद भी दोपहर से तेज सर्द हवा चलने लगीं, जिससे लोगों की धूजणी छूट गई। सीकर, झुंझुनूं और हनुमानगढ़ में अधिकतम तापमान महज 14 से 14.2 डिग्री सेल्सियस के बीच मापा गया, जिससे दिन में भी रात जैसी सर्दी महसूस की गई। अलवर में शनिवार रात न्यूनतम तापमान चार डिग्री रहा। अजमेर में सीजन की तीसरी मावठ के बाद गलन और ठिठुरन बनी हुई है, रविवार सुबह तापमान 7.2 डिग्री रहा। जयपुर, भरतपुर, दौसा, चूरू और नागौर में भी शीतलहर का असर जारी है।
मौसम विभाग के अनुसार आने वाले कुछ दिनों तक शीतलहर और गलन का असर बना रह सकता है।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर हमें फॉलो करें और हमसे जुड़े रहें।
(Follow us on social media platforms and stay connected with us.)
Youtube – https://www.youtube.com/@RoyalBulletinIndia
Facebook – https://www.facebook.com/royalbulletin
Instagram: https://www.instagram.com/royal.bulletin/
Twitter – https://twitter.com/royalbulletin
Whatsapp – https://chat.whatsapp.com/Haf4S3A5ZRlI6oGbKljJru
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
मूल रूप से गोरखपुर की रहने वाली अर्चना सिंह वर्तमान में 'रॉयल बुलेटिन' में ऑनलाइन न्यूज एडिटर के रूप में कार्य कर रही हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 10 वर्षों से अधिक का गहरा अनुभव है। नोएडा के प्रतिष्ठित 'जागरण इंस्टीट्यूट' से इलेक्ट्रॉनिक एवं प्रिंट मीडिया में मास्टर्स की डिग्री प्राप्त अर्चना सिंह ने अपने करियर की शुरुआत 2013 में पुलिस पत्रिका 'पीसमेकर' से की थी। इसके उपरांत उन्होंने 'लाइव इंडिया टीवी' और 'देशबंधु' जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अपनी सेवाएं दीं।
वर्ष 2017 से 'रॉयल बुलेटिन' परिवार का अभिन्न अंग रहते हुए, वे राजनीति, अपराध और उत्तर प्रदेश के सामाजिक-सांस्कृतिक मुद्दों पर प्रखरता से लिख रही हैं। गोरखपुर की मिट्टी से जुड़े होने के कारण पूर्वांचल और पूरे उत्तर प्रदेश की राजनीति पर उनकी विशेष पकड़ है।
