Saturday, May 18, 2024

मोदी और भाजपा के 25 सांसदों ने राजस्थान की जनता के साथ किया धोखा: मल्लिकार्जुन खड़गे

मुज़फ्फर नगर लोकसभा सीट से आप किसे सांसद चुनना चाहते हैं |

जयपुर। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने सोमवार को राजस्थान में चुनाव अभियान की शुरुआत करते हुए ईस्टर्न राजस्थान कैनाल प्रोजेक्ट (ईआरसीपी) के मुद्दे पर केंद्र सरकार पर हमला बोला। उन्होंने बारां में ईआरसीपी जनजागरण अभियान के तहत आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि ईआरसीपी को लेकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने दो बार वादा किया लेकिन आज तक उसको पूरा नहीं किया। हमारी कांग्रेस की सरकार ने 25 हजार करोड रुपये देकर इस परियोजना का काम आगे बढाया लेकिन केन्द्र सरकार ने एक भी पैसा नहीं दिया। राजस्थान से भाजपा को 25 सांसद दिए लेकिन वह राजस्थान के हितों के लिए नहीं बोले। उन्होंने ईआरसीपी के लिए क्यों आवाज नहीं उठाई। तीन केन्द्रीय मंत्री होने के बावजूद राज्य को ज्यादा पैसा क्यों नहीं मिलता। मोदी और भाजपा के 25 सांसदों ने राजस्थान की जनता के साथ धोखा किया।

खड़गे ने कहा कि राजस्थान सरकार ने कई गारंटी स्कीम दी और उसे पूरा किया जबकि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जुबान दी लेकिन उस पर चले नहीं। सीएम गहलोत ने वचन दिया वो निभाया। शायद किसी भी स्टेट में इतनी कल्याणकारी कार्य हुए होंगे। कर्नाटक में गारंटी स्कीम लागू की, अब सब गारंटी की बात करते हैं।

Royal Bulletin के साथ जुड़ने के लिए अभी Like, Follow और Subscribe करें |

 

कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे ने कहा कि भाजपा वाले केवल बात करते हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री माेदी पर निशाना साधते हुए कहा कि वे चुनाव प्रचार के लिए दौड़ते रहते हैं। कर्नाटक में बहुत दौड़े। पार्लियामेंट में कम बैठते हैं। दिल्ली से आए, गली-गली में घूमे, फिर भी यश नहीं मिला। गहलोत मोदी की तरह नहीं करते कि आए, बोले और चले गए। काम करके दिखाया है। आपको इसका फायदा मिला। यह काम वही आदमी कर सकता है, जो गरीबों के बारे में हमदर्दी रखता हो, उनकी तकलीफें जानता है। कांग्रेस के कार्यक्रम गरीबों के हित में होते हैं।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार गरीबों के लिए मनरेगा का पैसा भी राज्यों को नहीं दे रही है। गहलोत सरकार ने 21 लाख किसानों का कर्ज माफ किया। आपको सोचना होगा कि क्या झूठ बोलने वालों की सरकार चाहिए या काम करने वालों की सरकार चाहिए। यदि राजस्थान में कांग्रेस की सरकार बनी तो केन्द्र में भी कांग्रेस की सरकार बन सकती है, इसके लिए आपको मदद करनी होगी।

उन्होंने आरोप लगाया कि केन्द्र सरकार ने राजस्थान की कांग्रेस की सरकार को गिराने की कोशिश की, लेकिन कांग्रेस के कार्यकर्ता, नेता, विधायक और मुख्यमंत्री ने मिलकर सरकार को बचाया। इसका परिणाम रहा कि आप लोगों को लोकहित की योजनाएं मिलीं।

उन्होंने कहा कि मोदी, बीजेपी वालों ने यहां मुद्दा उठाया कि लाल डायरी मिली है। लाल डायरी में क्या-क्या है। लाल डायरी में क्या लिखा है, आपको मालूम है। लाल डायरी में लिखा है कि आने वाले चुनाव में कांग्रेस पार्टी राजस्थान में सरकार बनाएगी। उस डायरी में यह लिखा है कि फिर से कांग्रेस आने वाली है। अगर आप चाहते हों तो यह डायरी लेकर जाओ। जो काम हम कर रहे हैं वो देखो लेकिन वे लाल पीली डायरी देखने की बात करते हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा वाले उद्योगपतियों के कर्ज माफ करते हैं। किसान गरीबों के कर्ज माफ करने के लिए कहते हैं तो वे लाठी गोली चलाते हैं। उन्होंने जातिगत जनगणना कराने पर जोर देकर कहा कि बैकवर्ड क्लास के लोगों को उनका हक मिलना चाहिए। महिला आरक्षण जल्द से जल्द मिले, कांग्रेस इस पर काम करेगी। हम भारत जोडो यात्रा करते हैं, वे भारत को तोड़ने का काम करते हैं। कार्यक्रम में कांग्रेस संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल, मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, पार्टी प्रदेश प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा, प्रदेश अध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा भी मौजूद रहे।

Related Articles

STAY CONNECTED

74,188FansLike
5,319FollowersFollow
50,181SubscribersSubscribe

ताज़ा समाचार

सर्वाधिक लोकप्रिय