मुजफ्फरनगर में मक्का की उन्नत खेती के लिए दिया मंत्र, इथेनॉल उत्पादन और 'अतःफसल' विधि पर दिया जोर
मुज़फ्फरनगर। जिले के जानसठ ब्लॉक स्थित गंगा नहर रोड के पास गारचा फार्म हाउस, कुतुबपुर में मक्का खेती पर एक दिवसीय जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम कोर्टेवा एग्रीसाइंस तथा आईसीएआर– भारतीय मक्का अनुसंधान संस्थान (ICAR-IIMR), लुधियाना के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित हुआ, जिसमें लगभग 100 किसानों ने भाग लिया।
कार्यक्रम में डॉ. शंकर लाल जाट, वरिष्ठ वैज्ञानिक, आईसीएआर- भारतीय मक्का अनुसंधान संस्थान, लुधियाना ने देश में मक्का की उन्नत खेती, साइलेज निर्माण तथा मक्का से इथेनॉल उत्पादन पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मक्का कम अवधि और कम पानी में तैयार होने वाली लाभकारी फसल है।
कोर्टेवा एग्रीसाइंस के श्री परिक्षित सिंह ने उत्तर प्रदेश के लिए उपयुक्त मक्का की विभिन्न किस्मों एवं हाइब्रिड्स की जानकारी दी। केवीके चितौरा (पश्चिमी उत्तर प्रदेश) के श्री यशपाल सिंह व डॉ. रीना ने किसानों को खेत स्तर पर मक्का अपनाने के अनुभव साझा किए। आईएफडीसी, इंडिया के डॉ. राजीव जून ने मक्का में संतुलित उर्वरक प्रबंधन पर जोर दिया। सरदार वल्लभभाई पटेल विश्वविद्यालय, मेरठ के डॉ. विचित्रा आर्य ने टिकाऊ कृषि और फसल विविधीकरण में मक्का की भूमिका पर प्रकाश डाला।
इसके अलावा आईसीएआर-आईआईएमआर के डॉ. मनीष ककरालिया (रिसर्च एसोसिएट) एवं श्री तुषार यादव (यंग प्रोफेशनल) ने किसानों से संवाद कर मक्का आधारित खेती, यंत्रीकरण और बाजार संभावनाओं पर चर्चा की।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण न्यूमैटिक प्लांटर से मक्का बुवाई का लाइव प्रदर्शन रहा, जिसमें किसानों को मशीन द्वारा सटीक बुवाई, समान पौध संख्या और कम मजदूरी लागत के लाभ बताए गए।
इस अवसर पर कोर्टेवा, कृषि विज्ञान केंद्र (KVK), उत्तर प्रदेश कृषि विभाग तथा अन्य संबंधित विभागों और संस्थानों के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे। किसानों ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए मक्का को गन्ने के साथ एक वैकल्पिक एवं लाभकारी फसल के रूप में अपनाने में रुचि दिखाई।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर हमें फॉलो करें और हमसे जुड़े रहें।
(Follow us on social media platforms and stay connected with us.)
Youtube – https://www.youtube.com/@RoyalBulletinIndia
Facebook – https://www.facebook.com/royalbulletin
Instagram: https://www.instagram.com/royal.bulletin/
Twitter – https://twitter.com/royalbulletin
Whatsapp – https://chat.whatsapp.com/Haf4S3A5ZRlI6oGbKljJru
