शामली में इस सर्दी का सबसे ठंडा दिन, घना कोहरा और हल्की फुहारों के चलते जनजीवन प्रभावित
शामली। जिले में बुधवार का दिन इस सर्दी के मौसम का अब तक का सबसे ठंडा दिन साबित हुआ। सुबह से ही घना कोहरा छाया रहा और आसमान से हल्की फुहारें गिरने के कारण ठंड का असर और अधिक बढ़ गया। भीषण ठंड के चलते लोगों के शरीर में दिनभर कंपकंपी बंधी रही और आम जनजीवन प्रभावित नजर आया।
मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को अधिकतम तापमान मात्र 14 डिग्री सेल्सियस जबकि न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह के समय घना कोहरा और नमी भरी ठंडी हवाओं के चलते सड़कों पर दृश्यता काफी कम रही, जिससे वाहन चालकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। सुबह से दोपहर तक आसमान में बादल छाए रहे और बीच-बीच में हल्की फुहारें गिरती रहीं। ठंड के चलते लोग गर्म कपड़ों में लिपटे नजर आए और बाजारों गांधी चौक, नया बाजार, माजरा रोड, नेहरू मार्किट व सार्वजनिक स्थानों बस स्टेंड, गुरूद्वारा तिराहा पर सन्नाटा पसरा रहा। विशेषकर बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों को अधिक दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
दोपहर के समय कुछ देर के लिए धूप निकलने से लोगों को ठंड से थोड़ी राहत जरूर मिली। लोग धूप में बैठकर ठिठुरन से बचने का प्रयास करते दिखे। हालांकि यह राहत ज्यादा देर तक नहीं टिक सकी। शाम होते ही सर्द हवाओं का प्रकोप एक बार फिर बढ़ गया, जिससे तापमान में और गिरावट महसूस की गई। शाम के समय ठंडी हवाओं के चलने से लोग जल्दी ही अपने घरों में दुबक गए। ठंड से बचाव के लिए लोगों ने अलाव, हीटर और गर्म पेय पदार्थों का सहारा लिया। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार आने वाले दिनों में ठंड का असर इसी तरह बना रह सकता है, जिससे सतर्कता बरतने की आवश्यकता है।
