कड़ाके की ठंड और घना कोहरा बनारस में छाया, श्रद्धा ने ठिठुरन को दी मात!
वाराणसी। उत्तर प्रदेश के वाराणसी में ठंड ने लोगों की रफ्तार पर ब्रेक लगा दी है। कड़ाके की ठंड और घना कोहरा शहर को अपनी गिरफ्त में ले चुके हैं। सुबह के समय सड़कों पर चारों तरफ सफेद चादर की तरह फैला कोहरा दिखाई दे रहा है, जिससे न सिर्फ वाहन चालकों को दिक्कतें आ रही हैं, बल्कि आम लोगों की दिनचर्या भी प्रभावित हो रही है।
लेकिन, इस सर्द मौसम के बावजूद काशी में आस्था का जज़्बा ठंडा नहीं पड़ा है। काशी विश्वनाथ मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान शिव के दर्शन के लिए पहुंचे। कई गलियों में गर्म चाय और अदरक वाली चाय की खुशबू लोगों को राहत देती दिखी।
पर्यटकों ने भी ठंड के अनुभव को साझा किया। एक सैलानी ने बताया कि ठंड है, लेकिन हिमाचल जितनी नहीं। अंदर रहने पर महसूस नहीं होती, लेकिन बाहर निकलते ही ठंड का एहसास हो जाता है।
वही मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले कुछ दिनों तक वाराणसी और पूर्वांचल के अन्य जिलों में कोहरा और ठंड दोनों बने रह सकते हैं। तापमान में भी और गिरावट दर्ज की जा सकती है।
तो इस वक्त वाराणसी की गलियों में चाहे गलन हो या कोहरा, लेकिन आस्था की गर्मी पूरे माहौल को रौशन कर रही है।
