शामली। जनपद में सर्दी का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। रविवार की सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहे, वहीं दिनभर सर्द हवाएं चलने से लोगों को ठिठुरन का अहसास होता रहा। दोपहर के समय भी धूप की गर्माहट न मिलने के कारण सर्दी से राहत नहीं मिल सकी, जिससे आमजन को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
मौसम की मार का असर सबसे अधिक सुबह और शाम के समय देखने को मिला। ठंडी हवाओं के चलते लोग गर्म कपड़ों में लिपटे नजर आए। सड़कों और बाजारों में भी लोगों की आवाजाही अपेक्षाकृत कम रही। सर्दी बढ़ने के कारण बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों को विशेष दिक्कतों का सामना करना पड़ा। रविवार को मौसम का अधिकतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस जबकि न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
तापमान में आई गिरावट के कारण ठंड का असर और बढ़ गया है। शाम होते ही गलन बढ़ने से लोग जल्दी ही अपने घरों में कैद होने को मजबूर हो गए। मौसम विभाग के अनुसार आगामी दिनों में तापमान में और गिरावट आने की संभावना है, जिससे सर्दी का असर और तेज हो सकता है। ऐसे में चिकित्सकों ने लोगों को सावधानी बरतने, गर्म कपड़े पहनने और ठंड से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी है।