दहेज का आरोप लगाकर दुल्हन ने तोड़ी शादी, दूल्हे का दावा, मोटा होने की वजह से लड़की ने किया इनकार
बरेली। उत्तर प्रदेश के बरेली से सामने आया शादी टूटने का मामला अब नए और चौंकाने वाले मोड़ पर पहुंच गया है। पहले यह कहा गया था कि दहेज की मांग के चलते दुल्हन ने शादी तोड़ दी, लेकिन अब दूल्हे और उसके परिवार ने अपना पक्ष सामने रखते हुए पूरी कहानी बदल दी है।
शादी से ठीक पहले दुल्हन पक्ष ने दहेज उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए शादी तोड़ दी। दुल्हन ने अपने पक्ष में यह कहा कि शादी टूटने की वजह दहेज की मांग थी।
लेकिन अब दूल्हा ऋषभ ने सारे आरोपों को गलत बताते हुए पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है। ऋषभ का कहना है कि उसने कभी किसी प्रकार के दहेज या गाड़ी की मांग नहीं की। उन्होंने बताया कि दुल्हन ने “बॉडी शेमिंग” का आरोप लगाते हुए शादी से इनकार किया।
इसके अलावा दूल्हे का आरोप है कि दुल्हन पक्ष ने शादी के बदले एक मकान दुल्हन के नाम रजिस्ट्री कराने की शर्त रखी। जब यह शर्त सामने आई, तो ऋषभ ने साफ इनकार कर दिया। इसके बाद दुल्हन पक्ष ने दहेज उत्पीड़न का आरोप लगाकर मामला तूल पकड़वा दिया।
दूल्हे के परिवार का कहना है कि पूरे मामले में उन्हें झूठा फंसाया जा रहा है और उनकी सामाजिक छवि को नुकसान पहुंचाया गया है। अब दूल्हा और उसके परिजन पुलिस के सामने अपना पक्ष रख चुके हैं और निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।
फिलहाल यह मामला दहेज आरोप और शर्तों की सच्चाई के बीच उलझा हुआ है। अब यह देखना होगा कि पुलिस की जांच में कौन सा पक्ष सही साबित होता है और क्या सच सामने आता है।
देखें पूरा वीडियो...
