मेरठ और पश्चिम यूपी में शीतलहर का कहर, तेज हवाओं से हवा की गुणवत्ता में सुधार
मेरठ। ठंडी हवा के कहर से पश्चिम यूपी में लोग सहम गए हैं। ठंडी हवा के कारण पारा गिरा है और शीतलहर भी चल रही है। पश्चिम यूपी में पहाड़ों की बर्फबारी का असर दिखाई दे रहा है। आज सोमवार को सुबह से चल रही शीत लहर के चलते हवा की गति 15 किलोमीटर प्रति घंटा है। इससे तापमान में गिरावट दर्ज हुई है। हवा की रफ्तार बढ़ने से प्रदूषण स्तर भी लाल श्रेणी से बाहर आ गया।
उत्तराखंड और हिमाचल की पहाडियों पर हो रही बर्फबारी का सीधा असर मैदानी इलाकों में दिखाई दे रहा है। पश्चिम उत्तर प्रदेश में सोमवार सुबह से ही मौसम में बदलाव रहा। धूप तेज निकली, लेकिन हवा की 10-15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार ने ठंड को हावी रखा। लोगों ने दिन निकलते ही सर्द हवाओं का असर महसूस किया।
तापमान में गिरावट, रातें और ठंडी
मौसम विभाग के अनुसार पिछले कुछ दिनों से तापमान में लगातार उतार-चढ़ाव चल रहा है। रात का तापमान सामान्य से नीचे पहुंच गया है। आने वाले दिनों में दिन के तापमान में भी एक से दो डिग्री की और गिरावट की संभावना जताई गई है।
हवा की रफ्तार बढ़ी तो सुधरी हवा की गुणवत्ता
तेज हवाओं के कारण वायु गुणवत्ता में सुधार दर्ज किया गया है। कई दिनों से लाल श्रेणी में चल रहा प्रदूषण अब लाल श्रेणी से बाहर आ गया है। एयर क्वालिटी इंडेक्स में सुधार से लोगों को राहत मिली है।
