मेरठ में RLD का बड़ा फैसला, अकेले लड़ेगी पंचायत चुनाव, भाजपा को लगा झटका

मेरठ। त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों से पहले राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) ने अकेले चुनाव लड़ने की घोषणा कर दी है। रालोद के इस फैसले से भाजपा खेमे में हलचल मच गई है। भाजपा नेतृत्व अब रालोद प्रमुख जयंत चौधरी से संपर्क साधने और उन्हें गठबंधन के तहत चुनाव लड़ने के लिए मनाने की कोशिश में जुट गया है।
उधर, त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को लेकर सभी राजनीतिक दलों ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। भाजपा ने भी जिला और क्षेत्रीय स्तर पर चुनावी रणनीति तय कर संयोजकों और सह संयोजकों की नियुक्ति कर दी है। साथ ही, मतदाता सूची को अद्यतन करने का काम तेजी से किया जा रहा है।
भाजपा का लक्ष्य इस बार भी अधिकतर जिला पंचायत अध्यक्ष और ब्लॉक प्रमुख पदों पर कब्जा करना है। इसी रणनीति के तहत भाजपा रालोद के साथ गठबंधन बनाए रखने की दिशा में प्रयास कर रही थी, लेकिन रालोद के अलग चुनाव लड़ने की घोषणा ने समीकरणों को चुनौतीपूर्ण बना दिया है।