मेरठ के सरधना में महिला को घर में घुसकर मारी गोली, हालत गंभीर

मेरठ। मेरठ के सरधना कस्बा के आजादनगर में घर में घुसकर एक महिला को गोली मार दी। हमलावरों ने घर में घुसकर महिला पर ताबड़तोड़ कई फायर किए हैं। गोली मारने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। गोली लगने से घायल महिला सीमा को मेरठ मेडिकल कालेज रेफर किया है। पुलिस हत्यारोपियों की तलाश कर रही है। घटना से सरधना में आक्रोश फैल गया है। मोहल्ले में दहशत का माहौल है।
सरधना के आज़ाद नगर में आज रविवार सुबह सीमा पत्नी मुकेश की अशोक की लाट पुलिस चौकी के निकट

कॉस्मेटिक की दुकान है। आज रविवार सुबह जब सीमा घर पर किचन में नाश्ता बना रही थी। इसी दौरान दो युवक घर में घुस आए। इसके बाद दोनों ने सीमा को निशाना बनाते हुए अचानक फायरिंग शुरू कर दी। फायरिंग में एक गोली सीमा के पैर में लगी, जबकि दूसरी गोली उसके सिर में लगी है। सिर में गोली लगने से सीमा वहीं किचन में गिर गई। गोलीबारी की आवाज से आसपास के लोग मौके पर दौड़ पड़े। परिजन घायल सीमा को निजी अस्पताल ले गए। जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए मेरठ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
सूचना पर सीओ सरधना पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की और मौके से साक्ष्य एकत्र किए। सीओ सरधना आशुतोष कुमार ने बताया कि हमलावर की पहचान की जा रही है। मामले की जांच जारी है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। घटना से दहशत का माहौल बना हुआ है।