फिनलैंड में मुरादाबाद के कुणाल अरोड़ा का कमाल, पैरा टेबल टेनिस में नंबर-1 सीड जोड़ियों को चटाई धूल
फिनलैंड के लाहती में आयोजित अंतरराष्ट्रीय पैरा टेबल टेनिस में कुणाल अरोड़ा ने दुनिया की शीर्ष जोड़ियों को हराया
फिनलैंड के लाहती में आयोजित आईटीटीएफ वर्ल्ड पैरा फ्यूचर टेबल टेनिस टूर्नामेंट-2026 में मुरादाबाद के कुणाल अरोड़ा ने शानदार प्रदर्शन किया। कुणाल ने सिंगल्स, मेंस डबल्स और मिक्स्ड डबल्स में खेलते हुए टूर्नामेंट की नंबर-1 सीड जोड़ियों को हराकर बड़ा उलटफेर किया।
मुरादाबाद: फिनलैंड में आयोजित हुए अंतरराष्ट्रीय पैरा टेबल टेनिस टूर्नामेंट में मुरादाबाद शहर के खिलाड़ी कुणाल अरोड़ा ने अपने शानदार खेल से हर किसी को प्रभावित किया है। कुणाल अरोड़ा ने फिनलैंड के लाहती में 28 से 30 अगस्त 2026 तक आयोजित आईटीटीएफ वर्ल्ड पैरा फ्यूचर लाहती टेबल टेनिस टूर्नामेंट-2026 में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व किया। बेहद करीबी मुकाबलों और मामूली अंतर के कारण भले ही कुणाल पदक जीतने से चूक गए, लेकिन उन्होंने सिंगल्स, मेंस डबल्स और मिक्स्ड डबल्स तीनों वर्गों में नंबर-1 सीड जोड़ियों को हराकर बड़ा उलटफेर किया।
सिंगल्स मुकाबलों में देखने को मिला कुणाल का जुझारूपन
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सिंगल्स मुकाबलों के दौरान कुणाल अरोड़ा ने अपने ग्रुप मैचों में विपक्षी खिलाड़ियों को कड़ी टक्कर दी। पहले मुकाबले में मुरादाबाद के कुणाल अरोड़ा का सामना पोलैंड के खिलाड़ी मार्सिन से हुआ। इस मैच में बेहतर प्रदर्शन के बाद भी कुणाल को 1-3 के अंतर से हार झेलनी पड़ी।बताया जा रहा है कि पहले मैच में मिली हार के बाद कुणाल अरोड़ा ने जबरदस्त वापसी की। उन्होंने अपने दूसरे ग्रुप मैच में एस्टोनिया के खिलाड़ी मार्टिन को एकतरफा अंदाज में 3-0 से हरा दिया। इसके बाद ग्रुप के तीसरे मुकाबले में कुणाल का सामना ब्रिटेन के खिलाड़ी हैनरी से हुआ। हैनरी के खिलाफ कुणाल ने काफी संघर्ष किया, लेकिन बेहद करीबी मैच में उन्हें 0-3 से हार का सामना करना पड़ा। इस तरह सिंगल्स में वह पदक की दौड़ से बाहर हो गए, लेकिन उनके जुझारू खेल की काफी चर्चा रही।
मेंस डबल्स में नंबर-1 सीड पोलैंड की जोड़ी को हराया
मेंस डबल्स मुकाबले में कुणाल अरोड़ा ने तमिलनाडु के चेन्नई शहर के खिलाड़ी नितीश के साथ जोड़ी बनाकर मैदान संभाला। डबल्स के पहले ग्रुप मैच में कुणाल और नितीश की भारतीय जोड़ी का सामना स्वीडन के खिलाड़ी फेलिक्स और डोमिनिक की जोड़ी से हुआ, जिसमें भारतीय जोड़ी को 1-3 से हार मिली।
इसके बाद भारतीय जोड़ी का सामना ग्रुप की नंबर-1 सीड पोलैंड की जोड़ी से हुआ, जिसमें वर्टॉसिक और कामिल शामिल थे। इस मुकाबले में कुणाल और नितीश शुरुआती दो सेट हारकर 0-2 से पीछे चल रहे थे। लेकिन कुणाल अरोड़ा और नितीश ने हार नहीं मानी और लगातार तीन सेट जीतकर 3-2 से ऐतिहासिक जीत दर्ज करते हुए बड़ा उलटफेर कर दिया।
इसके बाद तीसरे मुकाबले में कुणाल और नितीश की जोड़ी ने एस्टोनिया के पॉल और मार्टिन की जोड़ी को 3-0 से हरा दिया। दो जीत के बावजूद ग्रुप में टाई की स्थिति बन गई और बेहद मामूली अंतर के कारण भारतीय जोड़ी अगले दौर में जगह बनाने से चूक गई। भले ही पदक हाथ नहीं लगा, लेकिन नंबर-1 सीड जोड़ी पर मिली जीत कुणाल के प्रदर्शन का सबसे यादगार पल बन गई।
मिक्स्ड डबल्स में भी किया उलटफेर और 18 खिलाड़ियों का दल
मिक्स्ड डबल्स वर्ग में कुणाल अरोड़ा ने हरियाणा की खिलाड़ी महक कौर के साथ जोड़ी बनाकर दावेदारी पेश की। इस वर्ग के पहले ही मैच में भारतीय जोड़ी का सामना टूर्नामेंट की नंबर-1 सीड स्लोवेनिया की लुका और कैरिन की जोड़ी से हुआ। कुणाल और महक कौर ने आक्रामक खेल और बेहतरीन तालमेल के दम पर स्लोवेनिया की नंबर-1 सीड जोड़ी को 3-1 से हराकर एक और बड़ा उलटफेर कर दिया। इसके बाद दूसरे मैच में चेक रिपब्लिक के टॉमस और नीला की जोड़ी से भारतीय जोड़ी 0-3 से हार गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, फिनलैंड की इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भारतीय टीम की ओर से कुल 18 खिलाड़ियों ने अलग-अलग श्रेणियों में भाग लिया। खिलाड़ियों के साथ छह कोच, मैनेजर और फिजियोथेरेपिस्ट भी भारतीय दल के हिस्से के रूप में वहां मौजूद रहे। मुरादाबाद के कुणाल अरोड़ा भले ही किसी वर्ग में पदक नहीं जीत पाए, लेकिन दुनिया की शीर्ष खिलाड़ियों और नंबर-1 सीड जोड़ियों को हराने की उनकी इस उपलब्धि से मुरादाबाद के खेल प्रेमियों और पैरा खेल जगत में खुशी का माहौल है।
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:
आपको यह खबर कैसी लगी? अपनी राय नीचे कमेंट बॉक्स में ज़रूर दे। आपकी राय रॉयल बुलेटिन को और बेहतर बनाने में बहुत उपयोगी होगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
अभिषेक भारद्वाज एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 11 वर्षों से मुरादाबाद मंडल की पत्रकारिता का व्यापक अनुभव है। वे मुरादाबाद के प्रतिष्ठित एसएस न्यूज़ चैनल में संपादकीय प्रभारी जैसे महत्वपूर्ण पद पर कार्य कर चुके हैं। मुरादाबाद की राजनीतिक, सामाजिक और स्थानीय खबरों पर उनकी गहरी पकड़ है। वर्तमान में वे रॉयल बुलेटिन के मुरादाबाद जिला प्रभारी के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।

टिप्पणियां