दिल्ली के नांगलोई में छेड़छाड़ का विरोध करने पर 15 साल के छात्र की चाकू मारकर हत्या
स्कूल जा रहे 15 वर्षीय ध्रुव ने लड़की को बचाने का प्रयास किया, 5-6 लड़कों ने चाकू से हमला किया
दिल्ली के नांगलोई में स्कूल जा रहे 15 वर्षीय छात्र ध्रुव की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। ध्रुव ने लड़की से छेड़छाड़ का विरोध किया था, जिसके बाद 5-6 लड़कों ने हमला कर दिया। पुलिस ने 3 नाबालिगों को हिरासत में लिया है।
दिल्ली: राजधानी के नांगलोई थाना इलाके में स्कूल जा रहे एक 15 साल के छात्र की चाकू मारकर हत्या कर दिए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मृतक छात्र का नाम ध्रुव था, जो सुबह अपने स्कूल के लिए निकला था। रास्ते में कुछ लड़के एक लड़की के साथ कथित तौर पर छेड़छाड़ कर रहे थे। जब ध्रुव ने इसका विरोध किया और उन लड़कों को रोकने की कोशिश की, तो 5 से 6 लड़कों ने उस पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में ध्रुव गंभीर रूप से घायल हो गया था, जिसकी इलाज के दौरान अस्पताल में मौत हो गई।
भूतों वाली गली के पास हुआ हमला, इलाज के दौरान मौत
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह पूरी वारदात नांगलोई थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली भूतों वाली गली के पास हुई। 15 साल का छात्र ध्रुव रोजाना की तरह अपने स्कूल जा रहा था। जब वह भूतों वाली गली के पास से गुजर रहा था, तब उसने देखा कि कुछ लड़के एक लड़की के साथ छेड़छाड़ कर रहे हैं।ध्रुव ने आगे बढ़कर उस लड़की का बचाव किया और छेड़छाड़ कर रहे लड़कों को ऐसा करने से रोका। ध्रुव के विरोध करने पर वे लड़के गुस्सा हो गए। आरोप है कि इसके बाद वहां मौजूद 5 से 6 लड़कों ने ध्रुव पर ही चाकू से हमला कर दिया। लड़कों ने ध्रुव पर चाकू से कई वार किए, जिससे वह बुरी तरह घायल होकर गिर पड़ा।
घटना की जानकारी मिलते ही ध्रुव के परिवार के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और उन्होंने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने घायल छात्र को तुरंत पास के नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में इलाज के दौरान कुछ समय बाद ध्रुव की मौत हो गई। चाकूबाजी की इस वारदात से इलाके में एक बार फिर दहशत का माहौल बन गया है।
ये भी पढ़ें गाजियाबाद में चाय पत्ती में मिला लोहे का बुरादा, खाद्य सुरक्षा विभाग ने 1860 किलो अमर लीफ टी की सील3 नाबालिग आरोपी हिरासत में, CCTV खंगाल रही पुलिस
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस की टीम घटनास्थल और उसके आसपास लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि पूरी जानकारी जुटाई जा सके और वारदात में शामिल अन्य आरोपियों का पता लगाया जा सके।
जानकारी के मुताबिक, पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए तीन लड़कों को पकड़ा है। बताया जा रहा है कि पकड़े गए तीनों ही आरोपी नाबालिग हैं। मामले में फरार अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और पुलिस की कानूनी कार्रवाई चल रही है।
रोहिणी में भी छेड़छाड़ का विरोध करने पर छात्रा, मां और दादी से मारपीट
दिल्ली में एक के बाद एक चाकूबाजी और हमले की घटनाएं सामने आ रही हैं। हाल ही में दिल्ली के रोहिणी इलाके से भी चाकूबाजी और मारपीट की एक ऐसी ही घटना सामने आई थी, जहां छेड़छाड़ का विरोध करने पर एक छात्रा, उसकी मां और दादी के साथ मारपीट की गई।
दिल्ली पुलिस के अनुसार, रोहिणी जिले में घर के पास रहने वाले तीन लड़कों ने 10वीं की एक छात्रा पर हमला कर दिया था। जब छात्रा और उसके परिवार की महिलाओं ने छेड़छाड़ का विरोध किया, तो आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की।
लड़कों के इस हमले में 10वीं की छात्रा, उसकी मां और उसकी दादी तीनों घायल हो गई थीं। घटना के बाद तीनों घायलों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया था, जहां इलाज के बाद डॉक्टरों ने उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी।
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:

टिप्पणियां