सहारनपुर। सहारनपुर जनपद की देहात कोतवाली पुलिस ने बिहार निवासी एक नशा तस्कर को गिरफ्तार किया है। उसके पास से 14.180 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ है, जिसकी कीमत करीब 1.60 लाख रुपये आंकी जा रही है। बताया जा रहा है कि तस्कर को गांजा देहरादून में एक महिला को सप्लाई करना था। बता दे कि जिले में नशा तस्करों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में देहात कोतवाली पुलिस ने ढमोला पुल के पास नयागांव की तरफ बाईपास रोड से पप्पू सहानी निवासी कंसी सिमरी जिला दरभंगा बिहार को गिरफ्तार किया है।
पकड़े गए तस्कर ने कुछ लोगों के नाम बताए हैं। उनकी तलाश की जा रही है। पुलिस पूछताछ में नशा तस्कर ने बताया कि गांजा बिहार से लाकर देहरादून में एक महिला को सप्लाई करना था। वह ट्रेन से सहारनपुर आया था। इसके बाद यहां से बस पकड़कर देहरादून जाना था। उसे इस काम के लिए पांच से 10 हजार रुपये मिलते थे। कुछ दिन पहले पुलिस ने बिहार के ही रहने वाले तस्कर को पकड़ा था, जिसे वह नहीं जानता है, लेकिन दोनों ही एक व्यक्ति के लिए काम करते हैं।