सीएम योगी की बड़ी चेतावनी: नशा कारोबारियों की संपत्ति होगी जब्त, जेल में कटेगी उम्र; युवाओं को दी नशे से दूर रहने की सीख
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि युवाओं को नशे से दूर रहना चाहिए और लोगों को भी जागरुक करना चाहिए। उन्होंने नशे का कारोबार करने वालों को आगाह करते हुए अगर बाज नहीं आए तो न केवल उन्हें जेल भेजा जाएगा बल्कि उनकी संपत्ति भी जब्त होगी, क्योंकि ऐसे लोग देश और समाज को खोखला कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ साेमवार काे स्वामी विवेकानंद जयंती के अवसर प्रदेश के युवा एवं खेलकूद विभाग की ओर से इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान लखनऊ में आयोजित युवा महाेत्सव को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने इस अवसर पर विभिन्न जिलों के युवा व महिला मंगल दलों को नशा उन्मूलन, पर्यावरण संरक्षण, जल प्रबंधन, जनता लाइब्रेरी, खेल सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने के लिए प्रशस्ति पत्र व राशि प्रदान की। इससे पहले युवा एवं खेलकूद मंत्री गिरीश यादव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का स्वागत किया और विभागीय योजनाओं की जानकारी दी। कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, विधायक डाॅ नीरज बोरा, ओपी श्रीवास्तव व लखनऊ की महापौर सुषमा खर्कवाल सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे। समाराेह में मुख्यमंत्री ने 40 कराेड़ रुपये अधिक की परियाेजनाओं का लाेकार्पण व शुभारंभ किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्वामी विवेकानंद को नमन करते हुए कहा कि स्वामी विवेकानंद ने दुनिया की प्राचीनतम संस्कृति भारतीय सनातन संस्कृति को वैश्विक मंच पर स्थापित किया। दुनिया काे बताया कि भारतीय संस्कृति किसी भी समाज पर जबरिया अपने विचार नहीं थाेपती है और दुनियाभर से काेई भी पीड़ित मानवता भारत आई ताे भारत ने उसे स्वीकार किया। स्वामी विवेकानंद ने भारत काे विश्व गुरु का सपना देखा था, उसे आज पूरा हाेते हुए पूरी दुनिया देख रही है। मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि आज जीजाबाई माई साहब को उनकी जयंती पर नमन करता हूं, जिनके पालन पोषण और संस्कारों में पले बढे़ छत्रपति शिवाजी ने हिंदवी स्वराज की स्थापना की।
