तिहरी मार: प्रदूषण, पाला और कोहरे की चादर में लिपटी दिल्ली-एनसीआर; 'रेड जोन' में पहुंचा कई इलाकों का एक्यूआई
नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में एक बार फिर वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) में गिरावट दर्ज की गई है। दिल्ली, नोएडा और गाजियाबाद के लगभग 80 प्रतिशत इलाके ऑरेंज जोन में पहुंच गए हैं, जबकि कई स्थानों पर एक्यूआई रेड जोन के करीब या रेड जोन में बना हुआ है। प्रदूषण के साथ-साथ ठिठुरन भरी सर्दी और कोहरे ने भी लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। मौसम विभाग के अनुसार तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है और सुबह-शाम कोहरे का असर साफ दिखाई दे रहा है। नोएडा में सभी चार सक्रिय स्टेशनों पर वायु गुणवत्ता असंतोषजनक स्तर पर दर्ज की गई।
पश्चिम और उत्तर दिल्ली के इलाकों में भी स्थिति गंभीर रही। पंजाबी बाग में 271, पूसा में 290, आरके पुरम और रोहिणी में 293-293, शादिपुर में 247, सिरीफोर्ट में 301, सोनिया विहार में 296, विवेक विहार में 318 और वजीरपुर में 304 एक्यूआई दर्ज किया गया। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के अनुसार 5 से 7 जनवरी के बीच दिल्ली-एनसीआर में मध्यम स्तर का कोहरा छाए रहने की संभावना है। तापमान अधिकतम 18-19 डिग्री और न्यूनतम 8-9 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है। नमी का स्तर भी 95 से 98 प्रतिशत तक पहुंच गया है, जिससे ठंड का असर और बढ़ गया है।
