नोएडा। अखिल भारतीय गुर्जर महासभा के सात प्रदेशों के एक प्रतिनिधिमंडल ने दिल्ली में स्थायी कार्यालय भवन की मांग को लेकर दक्षिण दिल्ली से सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी के आवास पर बैठक की।
प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व राष्ट्रीय अध्यक्ष हरिश्चंद्र भाटी ने की। इस अवसर पर महासभा के पदाधिकारियों ने सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी को महासभा का प्रतीक चिन्ह भेंट की। बैठक में संगठन की सामाजिक, शैक्षिक और जनकल्याणकारी गतिविधियों पर विस्तार से चर्चा की गई। गौतमबुद्धनगर जिलाध्यक्ष अशोक भाटी ने महासभा का परिचय देते हुए बताया कि अखिल भारतीय गुर्जर महासभा देश की आज़ादी से भी पुरानी संस्था है, जिसकी स्थापना वर्ष 1908 में हुई थी। उन्होंने कहा कि यह महासभा एक समर्पित सामाजिक एवं परोपकारी संगठन है, जो शिक्षा, सामाजिक उत्थान, जनसेवा और समाज के सर्वांगीण विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि संस्था द्वारा समय-समय पर शिक्षा सहायता, आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद परिवारों की मदद, सामाजिक जागरूकता अभियान, युवाओं के मार्गदर्शन एवं विकास से जुड़े अनेक कार्यक्रम संचालित किए जाते हैं। बैठक का मुख्य उद्देश्य दिल्ली में अखिल भारतीय गुर्जर महासभा के लिए एक स्थायी कार्यालय भवन की मांग को लेकर चर्चा करना रहा। अशोक भाटी ने स्पष्ट किया कि स्थायी कार्यालय बनने से महासभा की गतिविधियों को और अधिक व्यवस्थित, प्रभावी और व्यापक स्तर पर संचालित किया जा सकेगा, जिससे समाज के अधिक से अधिक लोग लाभान्वित होंगे। प्रतिनिधिमंडल की मांगों को सुनने के बाद सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी ने आश्वासन दिया है कि शीघ्र ही विभागीय प्रक्रिया पूरी कर इस प्रस्ताव को डीडीए के समक्ष रखा जाएगा और आवश्यक स्वीकृति दिलाने के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा। बैठक में उत्तर प्रदेश, दिल्ली, राजस्थान, मध्य प्रदेश, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश एवं महाराष्ट्र से आए प्रतिनिधियों ने भाग लिया। जिसमें मोहनलाल वर्मा, सुनील भाटी, राजपाल कसाना, रामकेश चपराना, राजेंद्र लोहिया, सुभाष गुर्जर, बृजमोहन गुर्जर, होतम सिंह गुर्जर, राम बहादुर सिंह गुर्जर, देवेंद्र सिंह गुर्जर, शैतान सिंह गुर्जर, देवराज भड़ाना, मनोज गुर्जर, प्रदीप गुर्जर, केपी मावी, सुरेंद्र नागर, कर्मवीर तोमर, विजयपाल कसाना, बबली कसाना, जयप्रकाश विकल, डॉ. लालबहार, शोबिंद्र भाटी, केपी कसाना, मनवीर सिंह नागर, प्रमोद भाटी, नामित भाटी, अशोक भाटी, गजेंद्र रेक्सवाल सहित अन्य लोग शामिल रहे।
टिप्पणियां