मंसूरपुर: मायके में रह रही दमकलकर्मी की पत्नी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, परिजनों ने लगाया दहेज हत्या का आरोप
फोन पर पति से हुई थी बहस, 2 साल से मायके नरा में रह रही थी मृतका कीर्ति; पोस्टमार्टम के बाद गमगीन माहौल में हुआ अंतिम संस्कार
मुजफ्फरनगर/मंसूरपुर। थाना मंसूरपुर क्षेत्र के गांव नरा में शनिवार देर शाम एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतका पिछले दो साल से अपने पति के साथ चल रहे विवाद के कारण मायके में ही रह रही थी। परिजनों का आरोप है कि पति से फोन पर हुई तीखी बहस के बाद यह दर्दनाक घटना घटी। इस घटना से गांव में मातम पसरा हुआ है।
जानकारी के अनुसार, गांव नरा निवासी सतीश कुमार ने अपनी पुत्री बिन्दू उर्फ कीर्ति का विवाह करीब चार वर्ष पूर्व खतौली निवासी पीयूष कुमार के साथ किया था। पीयूष वर्तमान में फायर ब्रिगेड विभाग (दमकल विभाग) में कार्यरत है। परिजनों का गंभीर आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही कीर्ति को अतिरिक्त दहेज के लिए मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा था। ससुराल पक्ष के उत्पीड़न से तंग आकर वह पिछले दो वर्षों से अपने मायके में ही रह रही थी।
बताया जा रहा है कि शनिवार देर शाम कीर्ति की अपने पति पीयूष से फोन पर लंबी बातचीत हुई, जिसके दौरान दोनों के बीच काफी कहासुनी हुई। इसके कुछ समय बाद कीर्ति का शव घर के कमरे में संदिग्ध हालत में फंदे से लटका मिला। घर में चीख-पुकार मचते ही ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुँची मंसूरपुर पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए।
थाना प्रभारी निरीक्षक आनंद देव मिश्रा ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। रविवार दोपहर जब कीर्ति का शव गांव पहुँचा, तो कोहराम मच गया। कड़ी सुरक्षा और गमगीन माहौल में गांव के श्मशान घाट पर उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया। पुलिस अब मोबाइल कॉल डिटेल्स के आधार पर मामले की जांच कर रही है और तहरीर मिलते ही दोषियों के खिलाफ सख्त कार्यवाही की जाएगी।
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:
आपको यह खबर कैसी लगी? अपनी राय नीचे कमेंट बॉक्स में ज़रूर दे। आपकी राय रॉयल बुलेटिन को और बेहतर बनाने में बहुत उपयोगी होगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पिछले 15 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय मौहम्मद शाहनवाज मुज़फ्फरनगर के एक प्रतिष्ठित और विश्वसनीय पत्रकार हैं। वर्तमान में आप राष्ट्रीय सहारा के जिला प्रभारी (मुज़फ्फरनगर) के रूप में कार्यरत हैं और साथ ही उत्तर प्रदेश के प्रमुख मीडिया संस्थान रॉयल बुलेटिन में संवाद सहयोगी की महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। डेढ़ दशक के लंबे अनुभव के साथ मौ. शाहनवाज ने अपनी प्रखर लेखनी से राजनीतिक और सामाजिक मुद्दों पर गहरी छाप छोड़ी है। उनसे मोबाइल नंबर 9058673434 पर संपर्क किया जा सकता है।

टिप्पणियां