मुजफ्फरनगर में कटी पतंग पकड़ने के चक्कर में 10 वर्षीय बालक की मौत, परिवार का इकलौता चिराग बुझा
ककरौली के खेड़ी फिरोजाबाद में बाथरूम की छत टूटने से हुआ हादसा; अबुजर की मौत से माता-पिता और बहनों का रो-रोकर बुरा हाल
मुजफ्फरनगर/ककरौली। जनपद के ककरौली थाना क्षेत्र के गांव खेड़िफिरोजाबाद में रविवार शाम एक दिल दहला देने वाला हादसा हो गया। कटी पतंग का पीछा कर रहा 10 वर्षीय बालक मकान की छत से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसकी उपचार के दौरान मौत हो गई। इकलौते पुत्र की अचानक मौत से परिवार में कोहराम मच गया है और पूरे गांव में मातम पसरा है।
छत फांदते समय हुआ हादसा:
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव निवासी मौ. वाजिद का पुत्र अबूज़र (10 वर्ष) शाम के समय अपने घर की छत पर अन्य बच्चों के साथ खेल रहा था। इसी दौरान एक कटी हुई पतंग को अपनी ओर आता देख अबूज़र उसे पकड़ने के लिए उत्साहित हो गया। पतंग पकड़ने के प्रयास में उसने मुख्य मकान की छत से बाथरूम की छत पर छलांग लगा दी। कमजोर होने के कारण बाथरूम की छत टूट गई और अबूज़र मलबे के साथ सीधे नीचे फर्श पर जा गिरा।
इकलौते बेटे की मौत से सदमे में परिवार:
खून से लथपथ अबूज़र को परिजन तुरंत गांव के क्लिनिक ले गए, जहाँ चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अबूज़र प्राथमिक कक्षा का छात्र था और अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था। उसकी मौत की खबर मिलते ही पिता वाजिद, माँ अफरोज और बहनें आफिया व सफिया गहरे सदमे में हैं। घटना की सूचना पर ककरौली पुलिस भी मौके पर पहुँची, लेकिन परिजनों ने इसे महज एक हादसा बताते हुए किसी भी कानूनी कार्यवाही या पोस्टमार्टम से इनकार कर दिया। गमगीन माहौल में बालक के शव को सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया।
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:
आपको यह खबर कैसी लगी? अपनी राय नीचे कमेंट बॉक्स में ज़रूर दे। आपकी राय रॉयल बुलेटिन को और बेहतर बनाने में बहुत उपयोगी होगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकार नरेंद्र बालियान पिछले 6 वर्षों से मुज़फ्फरनगर के भोपा, मोरना और ककरौली क्षेत्र में 'रॉयल बुलेटिन' के प्रतिनिधि के रूप में निरंतर सक्रिय हैं। क्षेत्र की भौगोलिक और सामाजिक स्थितियों की गहरी समझ रखने वाले नरेंद्र बालियान ग्रामीण समस्याओं और विकास कार्यों को प्रमुखता से उठाते रहे हैं। पिछले 6 सालों में उन्होंने अपनी निष्पक्ष रिपोर्टिंग के माध्यम से भोपा-मोरना क्षेत्र की जनता और प्रशासन के बीच एक मजबूत सेतु का कार्य किया है। क्षेत्र की खबरों और सूचनाओं के लिए आप उनसे मोबाइल नंबर 7906131417 पर संपर्क कर सकते हैं।

टिप्पणियां