नोएडा । ग्रेटर नोएडा के अधिसूचित क्षेत्र में अवैध निर्माण के खिलाफ प्राधिकरण की कार्रवाई जारी है। प्राधिकरण की तरफ से शुक्रवार को बिसरख के डूब एरिया में खसरा संख्या-135 की जमीन पर बने अवैध निर्माण को ध्वस्त किया गया और लगभग 30 हजार वर्ग मीटर जमीन अवैध कब्जे से मुक्त करा ली गई। प्राधिकरण के इस अभियान से अधिसूचित एरिया में अवैध निर्माण करने वालों में हड़कंप मचा है।
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार ने परियोजना विभाग को अवैध निर्माण कर जमीन कब्जाने वालों के खिलाफ अभियान जारी रखने के निर्देश दिए हैं। अतिक्रमण हटाओ अभियान का नेतृत्व कर रहे ग्रेनो प्राधिकरण के एसीईओ सुमित यादव ने कहा कि अधिसूचित एरिया में कहीं भी अनुमति के बिना निर्माण करना गलत है। प्राधिकरण की तरफ से अवैध निर्माण पर कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने जनमानस से अपील की है कि कालोनाइजरों के चंगुल में फंसकर अपनी गाढ़ी कमाई न फंसाएं। ग्रेटर नोएडा में कहीं भी जमीन खरीदने से पहले प्राधिकरण के भूलेख विभाग से संपर्क कर पूरी जानकारी जरूर प्राप्त कर लें।
परियोजना विभाग के महाप्रबंधक एके सिंह ने बताया कि ग्राम बिसरख के खसरा संख्या 135 की लगभग 30 हजार वर्ग मीटर जमीन पर की कालोनाइजर कालोनी बसाने के फिराक में थे। बाउंड्री बनाकर जमीन कब्जाने की कोशिश कर रहे थे। परियोजना विभाग के वर्क सर्किल -3 के प्रबंधक रोहित गुप्ता के नेतृत्व में सहायक प्रबंधक राजीव कुमार व अन्य की टीम ने दो जेसीबी, तीन डंफर, प्राधिकरण का पुलिस बल के सहयोग से अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया है। उन्होंने कहा कि दोबारा अतिक्रमण करने पर अतिक्रमणकर्ताओं के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
टिप्पणियां