नोएडा। गौतमबुद्व नगर पुलिस कमिश्नरेट के नोएडा एवं ग्रेटर नोएडा क्षेत्र में हुए सड़क हादसे में तेज रफ्तार वाहन की चपेट में आने से एक छात्रा की मौत हो गई, वहीं एक पुलिसकर्मी सहित 4 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पीड़ित परिजनों की शिकायत पर पुलिस आरोपी वाहन चालकों की तलाश कर रही है।
थाना फेस-दो क्षेत्र के बीपीएल कट के पास एक अज्ञात ट्रक चालक ने तेजी और लापरवाही से वाहन चलाते हुए स्कूटी सवार दो छात्राओं को कुचल दिया। इस घटना में एक छात्रा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी की हालत अत्यंत नाजुक बनी हुई है। थाना फेस-2 के प्रभारी निरीक्षक विंध्याचल तिवारी ने बताया कि सेक्टर-93 में रहने वाली अंकिता सिंह 18 वर्ष और अर्पिता उर्फ प्रतिभा सिंह उम्र 15 वर्ष एक स्कूटी पर सवार होकर सेक्टर-93 स्थित अपने घर से दादरी जा रही थी। जैसे ही दोनों बीपीएल कट के पास पहुंची एक अज्ञात ट्रक चालक ने तेजी और लापरवाही से वाहन चलाते हुए उन्हें टक्कर मार दिया। इस घटना में अर्पिता उछलकर जमीन पर गिरी तथा ट्रक के पहिए के नीचे आ गई।
उसका सिर कुचलने की वजह से मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अंकिता गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। थाना प्रभारी ने बताया कि जांच के दौरान पुलिस को पता चला है कि दोनों एक स्कूल में पढ़ती थी, तथा किसी काम से अपने घर से दादरी जा रही थी। उन्होंने बताया कि मृतका के परिजनों की शिकायत पर घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
थाना बादलपुर के प्रभारी निरीक्षक अमित भड़ाना ने बताया कि शकील पुत्र लतीफ ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि ईस्टर्न पेरीफेरल हाईवे पर एक वाहन पंचर हो गया था। वाहन चालक ने उससे पंचर लगाने के लिए संपर्क किया। वह अपने भतीजे के साथ वहां पर पंचर लगाने के लिए गया। पीड़ित के अनुसार चाचा-भतीजे पंचर लग रहे थे, तभी एक अज्ञात वाहन चालक ने उन्हें टक्कर मार दिया। इस घटना में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
थाना सेक्टर-63 क्षेत्र में रात्रि के समय गस्त कर रहे एक पुलिसकर्मी को अज्ञात वाहन चालक ने टक्कर मार दिया। थाना सेक्टर-63 के प्रभारी निरीक्षक अवधेश प्रताप सिंह ने बताया कि रोशन पाल पुत्र कलीराम निवासी जनपद मुजफ्फरनगर ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि उनका बेटा विनोद कुमार उम्र 40 वर्ष उत्तर प्रदेश पुलिस में कांस्टेबल के पद पर कार्यरत है। वर्तमान में वह थाना सेक्टर-63 में तैनात है। पीड़ित के अनुसार विनोद छिजारसी मेट्रो यार्ड के पास चेकिंग कर रहा था, तभी एक अज्ञात वाहन चालक ने उसे टक्कर मार दिया। इस घटना में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए फोर्टिस अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
इसके अलावा थाना नॉलेज पार्क क्षेत्र में हुए एक सड़क हादसे में एक छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया। थाना नॉलेज पार्क के प्रभारी सर्वेश कुमार सिंह ने बताया कि अभय कुमार सिंह ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि उनका बेटा आईएमटी कॉलेज से पढ़ रहा है। पीड़ित के अनुसार उनका बेटा ऊबर बाइक पर सवार होकर कॉलेज जा रहा था, तभी शारदा अस्पताल के पास एक अज्ञात वाहन चालक में उसे टक्कर मार दिया। इस घटना मे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।