नोएडा। बुराई पर अच्छाई और असत्य पर सत्य की जीत का पर्व विजयदशमी जनपद गौतमबुद्व नगर में धूमधाम से मनाया गया। गुरुवार को जनपद की विभिन्न रामलीला कमेटियों ने रावण के पुतले का दहन कर बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश दिया।
रावण, मेघनाद व कुंभकरण के पुतले के साथ ही महंगाई, भ्रष्टाचार एवं सनातन धर्म विरोधियों के भी पुतलों का भी दहन किया गया। रामलीला कमेटियों की ओर से नोएडा में शाम 6 बजे से रामलीला मंचन के साथ ही पुतला दहन कार्यक्रम आयोजित किया गया। राम-रावण युद्ध के मंचन के बाद पहले मेघनाद फिर कुंभकरण और अंत में रावण के पुतलों का दहन किया गया। जिले में करीब 50 स्थानों पर दहन कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
नोएडा शहर में सेक्टर-21ए स्थित रामलीला मैदान में श्री सनातन धर्म रामलीला समिति, सेक्टर-62 में श्री राम मित्र मंडल नोएडा, सेक्टर-46 में श्रीराम लखन धार्मिक लीला कमेटी नोएडा तथा ग्रेटर नोएडा क्षेत्र में विभिन्न रामलीला कमेटियों द्वारा आयोजित रामलीला में रावण, कुंभकरण व मेघनाथ के पुतलों का दहन किया गया। वहीं दशहरा पर्व पर विभिन्न रामलीला स्थलों पर दर्शकों की भारी भीड़ उमड़ी। बरसात के बावजूद भी शहर की जनता रामलीला मैदान में डटी रही। लोगों के भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन के द्वारा सुरक्षा के लिए विशेष निगरानी और चौकसी बरती जा रही है।