नोएडा। यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो 2025 के चौथे दिन प्रदेश के राज्य सूचना आयुक्त वीरेन्द्र सिंह वत्स ने अंतरराष्ट्रीय ट्रेड शो में लगे विभिन्न विभागों के स्टाल देखे। उन्होंने कहा कि ट्रेड शो का बढ़ता आकार और जनता की बढ़ती भीड़ नई उम्मीद जगाने वाली है। ट्रेड शो में प्रदर्शित नए-नए उत्पाद रोजगार के नए द्वार खोल रहे हैं।
राज्य सूचना ने कहा कि ट्रेड शो परिसर में आने वाली अधिकतर भीड़ युवा है, जिसकी आँखों में भविष्य के सुनहरे सपने हैं और मन में आगे बढ़ने का संकल्प। इस दौरान उन्होंने ट्रेड शो की अवधि बढ़ाने की बात कही।
उन्होंने कहा कि विभिन्न स्टालों पर युवाओं की संख्या अधिक है जो यह बताती है कि युवा उद्यमी केन्द्र और प्रदेश सरकार की विभिन्न रोजगार योजनाओं के बल पर सफलता की नई कहानी लिख रहे हैं।
राज्य सूचना आयुक्त ने ट्रेड शो परिसर में विशेष रूप से उत्तर प्रदेश पुलिस, पर्यटन, नमामि गंगे, ओडीओपी, नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना प्राधिकरण, जेसीएस हनी तथा विभिन्न कार कंपनियों के स्टालों पर जाकर अवलोकन करते हुए युवाओं से बातचीत की। उन्होंने कहा कि ट्रेड शो की अवधि बढ़ाई जानी चाहिए ताकि इसका फायदा ज्यादा लोगों तक पहुंच सके।