नोएडा। ग्रेटर नोएडा में ग्राम जलपुरा के पास बैरियर लगाकर संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग कर रही थाना ईकोटेक-तृतीय पुलिस और चार पहिया वाहन सवार बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। इस मुठभेड़ में गोली लगने से बदमाश घायल हो गया। पुलिस के अनुसार बदमाश शातिर किस्म का अपराधी है। इसके खिलाफ जनपद गौतमबुद्व नगर और अलीगढ़ के थानों में विभिन्न आपराधिक मामलों में 27 मुकदमे पंजीकृत है। पुलिस बदमाश के अन्य साथियों की तलाश कर रही है।
एडीसीपी सेन्ट्रल नोएडा आरके गौतम ने बताया कि थाना इकोटेक-3 पुलिस टीम द्वारा बिजली घर जलपुरा के पास संदिग्ध व्यक्ति व वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। तभी एक संदिग्ध गाड़ी सामने से आती दिखाई दी। जिसको पुलिस बल द्वारा रूकने का ईशारा किया गया लेकिन कार चालक नहीं रूका। उसने तेजी से गाड़ी को मोडकर भागने का प्रयास करने लगा। रास्ते में पानी भरा होने के कारण गाड़ी फंस गयी।
उन्होंने बताया कि शक होने पर पुलिस टीम द्वारा उक्त गाड़ी का पीछा किया गया। अपने आप को घिरता देख अभियुक्त द्वारा पुलिस पार्टी पर जान से मारने की नीयत से फायर किया गया। पुलिस पार्टी द्वारा आत्मरक्षार्थ की गयी जवाबी फायरिंग में बदमाश गोली लगने के कारण घायल हो गया। उन्होंने बताया कि जिसकी पहचान संजीव उर्फ सनी उर्फ रॉकी उर्फ मौत पुत्र अशोक निवासी ग्राम तिलोटी थाना सासनी जिला हाथरस के रूप में हुई है।
उन्होंने बताया कि अभियुक्त के कब्जे से 1 पीली धातु की चेन, एक दीवार घडी, कपडे, मेकअप किट, एक होंडा सिटी कार व 1 तमंचा मय कारतूस बरामद हुए हैं। उन्होंने बताया कि अभियुक्त को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। बदमाश के अन्य आपराधिक इतिहास के बारे में विस्तार से जानकारी की जा रही है।
टिप्पणियां