नोएडा। नोएडा के थाना सेक्टर-39 क्षेत्र स्थित गार्डन गैलरिया मॉल एक बार फिर चर्चा में है। शुक्रवार देर रात को माॅल के एक बार में पार्टी के दौरान दो पक्षों में डांस करने को लेकर मारपीट हो गई। जिसका एक वीडियो सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेट फार्म पर वायरल हो रहा है। जिसमें देखा जा सकता है कि सेक्टर-38A स्थित इस मॉल के एक निजी बार में बाउंसरों ने एक युवक को बेरहमी से पीटा। इस मामले में दूसरे पक्ष ने भी मारपीट की। पुलिस ने दोनों पक्ष के 7 लोगों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार यह पूरी घटना शुक्रवार रात की है। कुछ युवक मॉल के एक बार में पार्टी करने पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि पार्टी खत्म होने के बाद जब युवक बाहर निकल रहे थे, तभी डांस फ्लोर पर हुई किसी बात को लेकर बाउंसरों से उनकी कहासुनी हो गई। और देखते ही देखते मामूली सी बहस मारपीट में बदल गई। बाउंसरों ने अपना आपा खो दिया और युवक पर हमला बोल दिया। जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जिसमें मॉल के भीतर का नज़ारा किसी जंग के मैदान जैसा नज़र आ रहा है। हैरान करने वाली बात यह है कि जब युवक को पीटा जा रहा था, तब वहां मौजूद लोग मदद करने के बजाय तमाशबीन बने रहे।
थाना सेक्टर-39 के प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने पर मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस के अनुसार, विवाद की शुरुआत डांस फ्लोर पर किसी बात को लेकर हुई थी। पुलिस ने इस मामले में सख्त रुख अपनाते हुए दोनों पक्षों के कुल 7 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
बता दें कि गार्डन गैलरिया माॅल में मारपीट की यह कोई पहली घटना नहीं है। यहां पर पार्टी करने आये लोगों के साथ बार-बार होने वाली ऐसी घटनाओं ने मॉल की सुरक्षा और वहां के कल्चर पर सवालिया निशान लगा दिए हैं। इस बार पुलिस ने इस मामले में सख्त कार्रवाई की है। थाना प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि उक्त घटना की सूचना पर थाना पुलिस द्वारा तत्काल कार्रवाई करते हुए विवाद में सम्मिलित दोनों पक्षों के कुल 7 व्यक्तियों को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध विधिक कार्यवाही की गई है।
टिप्पणियां