इंसान चला गया, पर वफादारी नहीं.! शवों के पास 4 दिन तक भूखा-प्यासा पहरा देता रहा वफादार कुत्ता
शिमला। हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले के जनजातीय भरमौर क्षेत्र में भरमाणी माता मंदिर के ऊपर दुर्गम पहाड़ियों में लापता हुए दो युवकों के शव भारी बर्फ के बीच सोमवार को बरामद कर लिए गए हैं। भारतीय वायु सेना के हेलीकॉप्टरों की मदद से सर्च ऑपरेशन पूरा किया गया। इस घटना में सबसे भावुक पहलू यह रहा कि युवकों के साथ गया उनका पालतू कुत्ता चार दिन तक बर्फ़ में उनके शवों के पास बना रहा। मृतकों की पहचान 19 वर्षीय विकसित राणा और उसके 13 वर्षीय ममेरे भाई पीयूष के रूप में हुई है। दोनों 23 जनवरी को भरमाणी माता मंदिर के ऊपरी क्षेत्र में गए थे। जानकारी अनुसार वे वहां वीडियो शूट कर रहे थे, तभी अचानक मौसम बिगड़ गया और भारी बर्फबारी शुरू हो गई। खराब मौसम और घने कोहरे के कारण दोनों रास्ता भटक गए। उसी दिन शाम को परिजनों से उनकी आखिरी बातचीत हुई थी, जिसमें उन्होंने खुद को सुरक्षित बताया था, लेकिन इसके बाद उनसे संपर्क नहीं हो सका।
युवकों के लापता होने की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन ने पर्वतारोही दल, पुलिस और ग्रामीणों के साथ मिलकर खोज अभियान शुरू किया। क्षेत्र में चार से पांच फीट तक जमी बर्फ, दुर्गम पहाड़ियां और लगातार खराब मौसम के कारण सर्च ऑपरेशन में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। ड्रोन से भी तलाश की गई, लेकिन मौसम अनुकूल नहीं होने के कारण सफलता नहीं मिल सकी। मौसम साफ होने के बाद भारतीय वायु सेना के दो हेलीकॉप्टर सर्च ऑपरेशन में लगाए गए। सोमवार सुबह दोबारा अभियान शुरू किया गया। पहले एक युवक का शव पहाड़ी पर एक पेड़ के पास मिला। इसके बाद दोपहर के समय पास के एक नाले से दूसरे युवक का शव बरामद किया गया। दोनों शवों को हेलीकॉप्टर के जरिए भरमौर पहुंचाया गया। सर्च ऑपरेशन में शामिल सात सदस्यीय दल भी सुरक्षित वापस लौट आया है।
रेस्क्यू टीम के अनुसार युवकों के साथ गया कुत्ता मौके पर जीवित मिला। वह कड़ाके की ठंड और बर्फबारी के बीच चार दिन तक अपने मालिकों के शवों के पास रहा। बाद में उसे भी सुरक्षित नीचे लाया गया। उपायुक्त चंबा मुकेश रेपस्वाल ने बताया कि भरमाणी माता मंदिर के ऊपर लापता हुए दोनों युवकों का रेस्क्यू अभियान पूरा कर लिया गया है। उन्होंने भारतीय वायु सेना, प्रशासन, पुलिस, पर्वतारोही दल और स्थानीय लोगों के सहयोग की सराहना की।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर हमें फॉलो करें और हमसे जुड़े रहें।
(Follow us on social media platforms and stay connected with us.)
Youtube – https://www.youtube.com/@RoyalBulletinIndia
Facebook – https://www.facebook.com/royalbulletin
Instagram: https://www.instagram.com/royal.bulletin/
Twitter – https://twitter.com/royalbulletin
Whatsapp – https://chat.whatsapp.com/Haf4S3A5ZRlI6oGbKljJru
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
मूल रूप से गोरखपुर की रहने वाली अर्चना सिंह वर्तमान में 'रॉयल बुलेटिन' में ऑनलाइन न्यूज एडिटर के रूप में कार्य कर रही हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 10 वर्षों से अधिक का गहरा अनुभव है। नोएडा के प्रतिष्ठित 'जागरण इंस्टीट्यूट' से इलेक्ट्रॉनिक एवं प्रिंट मीडिया में मास्टर्स की डिग्री प्राप्त अर्चना सिंह ने अपने करियर की शुरुआत 2013 में पुलिस पत्रिका 'पीसमेकर' से की थी। इसके उपरांत उन्होंने 'लाइव इंडिया टीवी' और 'देशबंधु' जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अपनी सेवाएं दीं।
वर्ष 2017 से 'रॉयल बुलेटिन' परिवार का अभिन्न अंग रहते हुए, वे राजनीति, अपराध और उत्तर प्रदेश के सामाजिक-सांस्कृतिक मुद्दों पर प्रखरता से लिख रही हैं। गोरखपुर की मिट्टी से जुड़े होने के कारण पूर्वांचल और पूरे उत्तर प्रदेश की राजनीति पर उनकी विशेष पकड़ है।

टिप्पणियां