आत्मविश्वास: व्यक्तित्व और सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका
मनुष्य परिवार और समाज में रहते हुए भी अपने स्वतंत्र संकल्प का स्वामी होता है। उसके व्यक्तित्व की झलक उसके संकल्प में स्पष्ट रूप से दिखाई देती है। यही कारण है कि परिवार के प्रत्येक सदस्य की चिंतनशैली और व्यक्तित्व अलग-अलग होते हैं।
मानव जीवन में आत्मविश्वास की भूमिका अहम होती है। अपनी शक्ति, क्षमता और योग्यता पर भरोसा ही आत्मविश्वास कहलाता है। आत्मविश्वास से परिपूर्ण व्यक्ति असम्भव प्रतीत होने वाले कार्य को भी संभव कर सकता है। वहीं, आत्मविश्वास की कमी वाले व्यक्ति के पास सभी संभावनाएं होने के बावजूद भी सफलता नहीं आती।
आत्मविश्वास से युक्त व्यक्ति परिस्थितियों का दास नहीं बनता, बल्कि उन्हें अपने अनुकूल बनाने में सक्षम होता है। इसलिए मनुष्य को कभी यह नहीं सोचना चाहिए कि समय और परिस्थितियां उसके अनुकूल नहीं हैं। आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने पर सफलता अवश्य कदम चूमेगी।
