मुजफ्फरनगर में कांवड़ मार्ग पर मीट की दुकानें तिरपाल से ढकवाई गईं, पुलिस ने हटवाए बाहर लगे स्टॉल
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए प्रशासन ने कसी कमर: खुले में मांस प्रदर्शन पर पूर्ण पाबंदी, सीओ सिटी ने खुद मोर्चा संभालकर ढकवाईं दुकानें
मुजफ्फरनगर। आगामी महाशिवरात्रि पर्व के मद्देनजर मुजफ्फरनगर पुलिस और प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। हरिद्वार से गंगाजल लेकर आने वाले शिव भक्तों की पवित्रता और आस्था का सम्मान करते हुए पुलिस ने शहर के मुख्य कांवड़ मार्ग पर स्थित सभी मीट और नॉनवेज की दुकानों को तिरपाल व पन्नियों से ढकवा दिया है। यह कार्रवाई सीओ सिटी सिद्धार्थ के. मिश्रा के नेतृत्व में अमल में लाई गई।
सड़कों पर नहीं दिखेगा मांस, पर्दे लगाने के निर्देश
हरिद्वार की हर की पौड़ी से गंगाजल लेकर दिल्ली, हरियाणा और राजस्थान की ओर जाने वाले हजारों कांवड़िए मुजफ्फरनगर के रास्ते ही अपने गंतव्य को जाते हैं। कांवड़ियों के गुजरने वाले मुख्य मार्गों पर मीट की दुकानों के कारण किसी प्रकार का विवाद न हो और श्रद्धालुओं को असुविधा न हो, इसके लिए पुलिस ने दुकानों के बाहर बड़े-बड़े पर्दे लगवा दिए हैं। पुलिस ने साफ कर दिया है कि पर्व संपन्न होने तक दुकानों पर तिरपाल लगे रहेंगे।
पीछे हटाए गए मीट के स्टॉल
सीओ सिटी सिद्धार्थ के. मिश्रा ने बताया कि शहर के मीनाक्षी चौक (अटल चौक) और कांवड़ मार्ग के अन्य संवेदनशील इलाकों में जो दुकानदार सड़क के किनारे खुले में मीट प्रदर्शित कर रहे थे, उन्हें वहां से हटवा दिया गया है। उनके स्टॉल को दुकानों के अंदर या पीछे की ओर स्थानांतरित कराया गया है। पुलिस अधिकारियों ने स्वयं मौके पर खड़े होकर दुकानों पर नीले और काले रंग के तिरपाल डलवाए।
दुकानदारों ने किया आदेश का पालन
स्थानीय दुकानदारों ने भी प्रशासन की इस सख्ती का पालन किया है। एक होटल संचालक मोहम्मद दानिश ने बताया कि प्रशासन की हिदायत के बाद उन्होंने अपने होटल के बाहर पर्दे लगा दिए हैं ताकि शिवरात्रि और कांवड़ यात्रा के दौरान किसी की भावनाएं आहत न हों। दुकानदारों का कहना है कि वे प्रशासन के निर्देशों का पालन करते हुए अपना काम जारी रखेंगे। पुलिस प्रशासन का कहना है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:
आपको यह खबर कैसी लगी? अपनी राय नीचे कमेंट बॉक्स में ज़रूर दे। आपकी राय रॉयल बुलेटिन को और बेहतर बनाने में बहुत उपयोगी होगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
मुजफ्फरनगर की जमीनी हकीकत, राजनीति और क्राइम से जुड़ी हर खबर को वीडियो रिपोर्टिंग के जरिए बेबाकी से पहुँचाने वाले इस्तेखार अब्बासी पिछले 3 वर्षों से रॉयल बुलेटिन परिवार का हिस्सा हैं। BJMC डिग्री धारक इस्तेखार ने अपनी सधी हुई रिपोर्टिंग और खबरों की गहरी समझ से जिले में एक खास पहचान बनाई है।
मुजफ्फरनगर से जुड़ी खबरों और सुझावों के लिए इनसे संपर्क करें: 📞 मोबाइल: 8266055143

टिप्पणियां