शामली: पीसीएस से नेता बने अलंकार अग्निहोत्री का केंद्र सरकार पर तीखा हमला, 'राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा' पार्टी का किया ऐलान
जिलाधिकारी कार्यालय में आरोप पत्र दाखिल करने के बाद बोले- यह सरकार सनातन विरोधी, अब हर राज्य में चुनाव लड़ेगी नई पार्टी
शामली। यूजीसी (UGC) के विरोध में अपना पद छोड़ने वाले चर्चित पूर्व पीसीएस अधिकारी अलंकार अग्निहोत्री शुक्रवार को एक बार फिर चर्चा में रहे। वे शामली स्थित जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे और अपना आरोप पत्र दाखिल किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा और 'राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा' नामक अपनी नई राजनीतिक पार्टी के गठन की घोषणा की।
सरकार को बताया 'गैर-सनातनी' और 'जनतंत्र विरोधी'
मीडिया से बातचीत करते हुए अलंकार अग्निहोत्री ने मौजूदा केंद्र सरकार को 'गैर-सनातनी' और 'जनतंत्र विरोधी' करार दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि यह सरकार केवल हिंदू-मुस्लिम विवाद पैदा करने में रुचि रखती है और यूजीसी जैसे कानून लाकर आपसी सौहार्द बिगाड़ने का काम कर रही है। अग्निहोत्री ने भाजपा को 'विदेशी जनता पार्टी' संबोधित करते हुए कहा कि, "यह सरकार सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों का उल्लंघन कर रही है। एससी-एसटी एक्ट की धारा 18a लाकर इन्होंने कानून का दुरुपयोग किया है।"
नौकरी छोड़ शुरू की सियासी पारी
बरेली में तैनाती के दौरान यूजीसी के विरोध में इस्तीफा देने वाले अग्निहोत्री को सरकार ने आरोप पत्र देते हुए शामली जनपद से संबद्ध कर दिया था। अपनी राजनीतिक महत्वाकांक्षाओं को स्पष्ट करते हुए उन्होंने कहा कि देश में लोकतंत्र पूरी तरह फेल हो चुका है। उन्होंने आरोप लगाया कि राजनीतिक दलों के कार्यकर्ता बंधुआ मजदूरों की तरह काम कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि पिछली बार लोकसभा चुनाव में सरकार को जो 23 करोड़ 60 लाख वोट मिले थे, उसके मुकाबले उनके साथ 40 करोड़ लोग खड़े हैं जो इस सरकार को करारा जवाब देंगे।
ब्राह्मण और स्वर्ण समाज के हितों की बात
अलंकार अग्निहोत्री ने अपनी पार्टी 'राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा' के लक्ष्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह पार्टी हर राज्य के प्रत्येक जनपद में चुनाव मैदान में उतरेगी। उन्होंने सरकार पर ब्राह्मण और स्वर्ण समाज के प्रति उपेक्षा का आरोप लगाया। एक हालिया घटना का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि ब्राह्मण की चोटी काटे जाने की घटना पर कोई भी जनप्रतिनिधि सामने नहीं आया। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि 'डबल इंजन' की सरकार यह तय नहीं कर पा रही है कि आगे कौन सा इंजन रहेगा। अग्निहोत्री के इस रुख ने जिले की राजनीतिक सरगर्मियां तेज कर दी हैं।
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:
आपको यह खबर कैसी लगी? अपनी राय नीचे कमेंट बॉक्स में ज़रूर दे। आपकी राय रॉयल बुलेटिन को और बेहतर बनाने में बहुत उपयोगी होगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
शामली के वरिष्ठ पत्रकार श्री दीपक शर्मा वर्ष 2022 से रॉयल बुलेटिन परिवार के एक निष्ठावान और कर्मठ स्तंभ के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। आपने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत वर्ष 2007 में की थी और 'सत्यभाष', 'दैनिक प्रभात', 'क्राइम न्यूज़ और नेटवर्क 10' जैसे संस्थानों में कार्य करते हुए ज़मीनी रिपोर्टिंग के गहरे अनुभव हासिल किए।
पिछले 4 वर्षों से रॉयल बुलेटिन के साथ जुड़े दीपक शर्मा वर्तमान में जिला प्रभारी (शामली) का दायित्व संभाल रहे हैं। जिले की राजनीतिक नब्ज और सामाजिक मुद्दों पर उनकी पकड़ बेजोड़ है। शामली जिले की खबरों, जन-समस्याओं और संवाद हेतु आप उनसे मोबाइल नंबर 8273275027 पर संपर्क कर सकते हैं।

टिप्पणियां