शामली के खेड़ीकरमू में आरक्षित भूमि पर टंकी निर्माण पर छिड़ी रार: दलित समाज ने कोर्ट का हवाला देकर रुकवाया काम
नगर पालिका और ग्राम प्रधान पर सांठगांठ का आरोप, विवादित जमीन पर लगाया बोर्ड, प्रशासन से लगाई गुहार
शामली। जनपद शामली के निकटवर्ती गांव खेड़ीकरमू में हरिजन आबादी के लिए आरक्षित भूमि पर पानी की टंकी का निर्माण कराए जाने को लेकर विवाद गहरा गया है। गुरुवार को अनुसूचित जाति एवं जनजाति समाज के दर्जनों महिला-पुरुषों ने मौके पर एकत्रित होकर नगर पालिका और ग्राम पंचायत के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का आरोप है कि जिस भूमि पर जबरन निर्माण कराया जा रहा है, वह समाज के लिए आरक्षित है और मामला फिलहाल न्यायालय में विचाराधीन है।
विवादित स्थल को लेकर विरोध प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने बताया कि गांव खेड़ीकरमू में दलित समाज के लिए जमीन आरक्षित की गई थी। आरोप है कि ग्राम प्रधान ने नियमों को ताक पर रखकर नगर पालिका के साथ सांठगांठ की और यह जमीन पानी की टंकी बनाने के लिए सौंप दी। ग्रामीणों का कहना है कि इस मामले को लेकर उन्होंने हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर कर रखी है। मामला विचाराधीन होने के बावजूद वहां निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया, जिससे समाज में भारी आक्रोश व्याप्त है।
विवादित स्थल पर लगाया चेतावनी बोर्ड
आक्रोशित ग्रामीणों ने निर्माण स्थल पर एक बोर्ड भी लगा दिया है, जिसमें कोर्ट में चल रहे वाद का हवाला देते हुए किसी भी प्रकार के निर्माण कार्य न करने की हिदायत दी गई है। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि उन्होंने पूर्व में भी जिला प्रशासन और संबंधित अधिकारियों को इस संबंध में शिकायत भेजी थी, लेकिन अधिकारियों ने तथ्यों को नजरअंदाज करते हुए कोई ठोस कार्रवाई नहीं की।
न्याय न मिलने तक आंदोलन की चेतावनी
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से स्पष्ट मांग की है कि जब तक माननीय न्यायालय का अंतिम फैसला नहीं आ जाता, तब तक इस आरक्षित भूमि पर चल रहे निर्माण कार्य को तत्काल रुकवाया जाए। इस अवसर पर ईश्वर शरण, रामशरण, कुलदीप, हरपाल, बीसैन, सिब्बल, मोनू, राधेश्याम, किरणपाल, नरेश, लोकेश, राहुल, सोनू, श्यामा, ओमप्रकाश, लालदास, बबलू और मुकेश सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग उपस्थित रहे।
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:
आपको यह खबर कैसी लगी? अपनी राय नीचे कमेंट बॉक्स में ज़रूर दे। आपकी राय रॉयल बुलेटिन को और बेहतर बनाने में बहुत उपयोगी होगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
शामली के वरिष्ठ पत्रकार श्री दीपक शर्मा वर्ष 2022 से रॉयल बुलेटिन परिवार के एक निष्ठावान और कर्मठ स्तंभ के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। आपने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत वर्ष 2007 में की थी और 'सत्यभाष', 'दैनिक प्रभात', 'क्राइम न्यूज़ और नेटवर्क 10' जैसे संस्थानों में कार्य करते हुए ज़मीनी रिपोर्टिंग के गहरे अनुभव हासिल किए।
पिछले 4 वर्षों से रॉयल बुलेटिन के साथ जुड़े दीपक शर्मा वर्तमान में जिला प्रभारी (शामली) का दायित्व संभाल रहे हैं। जिले की राजनीतिक नब्ज और सामाजिक मुद्दों पर उनकी पकड़ बेजोड़ है। शामली जिले की खबरों, जन-समस्याओं और संवाद हेतु आप उनसे मोबाइल नंबर 8273275027 पर संपर्क कर सकते हैं।

टिप्पणियां