खतौली में गौवंश संरक्षण के दावों की खुली पोल, आवारा घूम रहे गोवंश हादसों का शिकार
प्रशासन के करोड़ों खर्च पर सवाल, नाले में गिरे बछड़े को रेस्क्यू कर बचाई जान
खतौली। शासन द्वारा गौवंश के संरक्षण और उनके प्रबंधन के लिए करोड़ों रुपये खर्च किए जा रहे हैं, लेकिन धरातल पर स्थिति जस की तस बनी हुई है। बेसहारा गौवंश सड़कों पर घूमने को मजबूर हैं, जिसका खामियाजा गुरुवार रात को एक बछड़े को भुगतना पड़ा। बसंत टॉकीज के पास नाले में गिरे बछड़े को घंटों की जद्दोजहद के बाद शुक्रवार सुबह सुरक्षित बाहर निकाला गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार, बसंत टॉकीज के आसपास पिछले कई दिनों से एक बछड़ा आवारा घूम रहा था। गुरुवार देर रात वह अनियंत्रित होकर झारखंड मंदिर रोड स्थित गहरे नाले में जा गिरा। रात भर बछड़ा नाले के ठंडे पानी में फंसा रहा और बाहर निकलने के लिए छटपटाता रहा। सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले राहगीरों ने जब बछड़े को देखा, तो उन्होंने उसे निकालने की कोशिश की, लेकिन वे असफल रहे।
पशु प्रेमियों की पहल पर जागा प्रशासन
मामले की गंभीरता को देखते हुए पशु प्रेमी संगठन 'एलआईसी एनिमल वेलफेयर' के पदाधिकारियों ने तुरंत नगर पालिका परिषद के अधिकारियों को सूचित किया। सूचना मिलते ही पालिका के सफाई कर्मचारी जेसीबी मशीन लेकर मौके पर पहुंचे। कड़ी मशक्कत के बाद बछड़े को सुरक्षित बाहर निकाला गया। इसके बाद पशु चिकित्सक ने मौके पर पहुंचकर बछड़े के स्वास्थ्य की जांच की और उसे प्राथमिक उपचार दिया। स्वस्थ होने के बाद बछड़े को नगर पालिका द्वारा संचालित गौशाला में भिजवा दिया गया।
करोड़ों के बजट पर उठे सवाल
इस घटना ने एक बार फिर नगर पालिका और शासन की गौवंश संरक्षण नीति पर सवाल खड़े कर दिए हैं। शहर के व्यस्त इलाकों में आज भी बेसहारा गौवंश के झुंड देखे जा सकते हैं, जो न केवल खुद हादसों का शिकार हो रहे हैं, बल्कि राहगीरों के लिए भी खतरा बने हुए हैं। जागरूक नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि सड़कों पर घूम रहे गोवंश को स्थायी रूप से गौशालाओं में शिफ्ट किया जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:
आपको यह खबर कैसी लगी? अपनी राय नीचे कमेंट बॉक्स में ज़रूर दे। आपकी राय रॉयल बुलेटिन को और बेहतर बनाने में बहुत उपयोगी होगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
वरिष्ठ पत्रकार आरिफ सिद्दीकी पिछले 32 वर्षों से 'रॉयल बुलेटिन' परिवार के एक अभिन्न स्तंभ हैं। मुज़फ्फरनगर के खतौली क्षेत्र की ज़मीनी समस्याओं और विकास के मुद्दों पर उनकी पकड़ बेमिसाल है। तीन दशकों से अधिक के अपने सुदीर्घ पत्रकारिता करियर में उन्होंने हमेशा सत्य और निष्पक्षता का मार्ग चुना है। विश्वसनीय रिपोर्टिंग और क्षेत्रीय विषयों पर उनकी गहरी समझ उन्हें क्षेत्र के सबसे अनुभवी पत्रकारों की श्रेणी में खड़ा करती है। खतौली की खबरों के लिए उनसे 9897846483 पर संपर्क किया जा सकता है।

टिप्पणियां