जब भी कोई हिंदू त्यौहार आता है, उनको गर्मी आने लगती है, हमें डेंटिंग-पेंटिंग का सहारा लेना पड़ता है-योगी
आई लव मोहम्मद' की आड़ में अराजकता करने वालों को 'चंड-मुंड' की तरह रौंदने का होगा कार्य

श्रावस्ती/लखनऊ। प्रदेश में 'आई लव मुहम्मद' की आड़ में अराजकता के दुष्प्रयोजन के खिलाफ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बेहद कड़ा संदेश दिया है। शनिवार को श्रावस्ती में 510 करोड़ रुपए की विकास परियोजनाओं के शिलान्यास व लोकार्पण के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कुछ लोग हैं जिनको शांति और कल्याण अच्छा नहीं लगता। जब भी कोई हिंदू पर्व और त्यौहार आता है, उनको गर्मी आने लगती है और उनकी गर्मी को शांत करने के लिए हमें डेंटिंग-पेंटिंग का सहारा लेना पड़ता है। अराजकता करने वालों को चंड-मुंड की संज्ञा देते हुए सीएम योगी ने कहा कि जैसे माँ भगवती चंड-मुंड को रौंदने का कार्य करती हैं उसी प्रकार समाज के लिए संकट उत्पन्न करने वाले तत्वों के खिलाफ ऐसी कार्रवाई की जाएगी जो कई पीढ़ियों के लिए नजीर बन जाएगी। साथ ही, सीएम योगी ने 7 अक्तूबर को महर्षि वाल्मीकि के जन्मदिवस पर छुट्टी की घोषणा करते हुए प्रदेश भर के देवालयों में संस्कृति व पर्यटन विभाग के सहयोग रामायण पाठ के आयोजन की बात कही।
अंतः करण का विषय है उपासना
मुख्यंत्री योगी आदित्यानाथ ने कहा कि इस्लाम में एक ओर कहते हैं हम बुत परस्ती का विरोध करते हैं, ये उनकी फिलॉसफी है। हम तो मूर्ति पूजक हैं साकार और निराकार ब्रह्म की पूजा करते हैं। उन्होंने कहा कि शारदीय नवरात्रि व विजयादशमी का पर्व पर अव्यवस्था पैदा करने वाले चंड-मुंड जैसा कार्य कर रहे हैं जिसे माँ भगवती कभी बर्दाश्त करने वाली नहीं है। माँ भगवती तो ऐसे चंड और मुंड को रौंदने का ही कार्य करती है और इसीलिए सभी सनातन धर्मावलंबी माँ भगवती दुर्गा की पूजा इसीलिए करते हैं, जिससे शक्ति अर्जित कर सकें। उन्होंने कहा कि उपासना आपका निजी विषय है, अंतःकरण का विषय होना चाहिए। यह चौराहे पर प्रदर्शन करने का विषय नहीं होना चाहिए। इसलिए हम लोगों ने कहा कि धर्म स्थलों पर माइक बंद होने चाहिए। यह प्रतिबंध उत्तर प्रदेश में यथावत रहेगा। अराजकता कतई स्वीकार्य नहीं है।
बुजदिलों को चुकानी पड़ेगी भारी कीमत
सीएम योगी ने कहा कि हम सम्मान सभी को देंगे, सुरक्षा सभी को देंगे, लेकिन अगर किसी ने आस्था के नाम पर तोड़फोड़ व आगजनी की तो वह परिणाम भुगतने को तैयार रहे। उन्होंने कहा कि राह चलते नागरिकों पर हमला करने वालों, बेटियों को परेशान करने वालों, व्यापारियों व पुलिस पर हमला करने वालों को हम छोड़ेंगे नहीं और छूटने भी नहीं देंगे। प्रतिष्ठानों में आगजनी करने का दुस्साहस करने वालों के खिलाफ ऐसी कार्रवाई होगी कि उसके ही नहीं बल्कि उसकी कई पीढ़ियों के लिए नजीर बन जाएगी। वह बोले, कोई सनातनी भेदभाव नहीं करता मगर पर्व-त्योहारों में व्यवधान और माहौल खराब करना स्वीकार्य नहीं है। ये चेतावनी है उन लोगों को जो बच्चों व महिलाओं की आड़ में बुजदिलों की तरह कार्य करने का काम कर रहे हैं इसकी भारी कीमत चुकानी पड़ेगी।
जहन्नुम में भी नहीं मिलेगी तालिबानी व दारूल इस्लाम की व्यवस्था
सीएम योगी ने कहा कि आज प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में विकास का संदेश भारत दुनिया को दे रहा है। लेकिन, कुछ लोग हैं जिन्हें शांति अच्छी नहीं लगती। महापुरुष किसी भी परंपरा में हों उनका सम्मान होना चाहिए मगर आस्था अंतःकरण का विषय है प्रदर्शन का नहीं। चौराहों पर उपद्रव की कोई छूट नहीं है। लाउड स्पीकरों पर प्रतिबंध उत्तर प्रदेश में यथावत रहेगा। तालिबानी व्यवस्था और दारूल इस्लाम की व्यवस्था तो उन्हें जहन्नुम में भी नहीं मिलने वाली है। उन्होंने कहा कि ये नए भारत का नया उत्तर प्रदेश है और उपद्रवियों व माफियाओं से निपटना जानता है। उन्होंने सपा-बसपा और कांग्रेस की पूर्ववर्ती सरकारों पर हमला करते हुए कहा कि वह दिन गए जब लूटमार और माफियाओं से हाथ मिलाने का चलन था। हम अराजकता बर्दाश्त नहीं करते और जो ऐसा करेगा उसकी छाती पर बुल्डोजर चलाना भी जानते हैं।
महर्षि वाल्मीकि जयंती पर देवालयों में होगा रामायण का पाठ
सीएम योगी ने कहा कि प्रदेश में महर्षि वाल्मीकि जयंती के अवसर पर 7 अक्तूबर को छुट्टी की घोषणा भी हम उनकी इस पवित्र भूमि से कर रहे हैं। हर देव मंदिर में इस दिन महर्षि वाल्मीकि द्वारा रचे गए रामायण के अखंड पाठ का भी कार्यक्रम होगा जिसको प्रदेश का पर्यटन व संस्कृति विभाग आयोजित करेगा।
मुख्यमंत्री ने विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को किया सम्मानित
मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना की लाभार्थी राजकुमारी पत्नी स्व. रामकुमार, कमली पत्नी स्व. ननके को पांच-पांच लाख रुपये का चेक दिया गया। बाढ़ प्रभावित शिवराम व सर्वजीत को 1.20 लाख- 1.20 लाख का चेक प्रदान किया। मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना के अंतर्गत सत्येंद्र कुमार को 10 लाख, आलोक कुमार को 18.94 लाख तथा मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के अंतर्गत रिंकी रावत को पांच लाख का चेक प्रदान किया। मुख्यमंत्री ने विभिन्न परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र विपिन मिश्र पुत्र राजकिशोर मिश्र, शिवांश सिंह पुत्र आलोक कुमार सिंह, ज्योति पांडेय पुत्री राजेंद्र प्रसाद पांडेय, साहिबे आलम पुत्र नूर आलम, आशीष यादव पुत्र शोभाराम यादव को सम्मानित किया।
कार्यक्रम में आबकारी मंत्री नितिन अग्रवाल, विधायक रामफेरन पांडेय, विधान परिषद सदस्य साकेत मिश्र,पद्मसेन चौधरी, डॉ. प्रज्ञा त्रिपाठी, जिला पंचायत अध्यक्ष दद्दन मिश्र आदि मौजूद रहे। श्रावस्ती के विकास को समर्पित एक लघु फिल्म का चित्रण भी कार्यक्रम में किया गया।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में

रॉयल बुलेटिन उत्तर भारत का प्रमुख हिंदी दैनिक है, जो पाठकों तक स्थानीय, क्षेत्रीय और राष्ट्रीय खबरें तेज़, सटीक और निष्पक्ष रूप में पहुँचाता है, हिंदी पत्रकारिता का एक भरोसेमंद मंच !