मेरठ-बड़ौत रोड पर डंपर की टक्कर से कार सवार बाल-बाल बचे, बजरंग दल ने लगाया जाम
मेरठ। मेरठ-बड़ौत मार्ग पर एक डंपर ने कार में टक्कर मार दी। जिससे कार में सवार पांच युवक बाल-बाल बच गए। इस घटना के बाद बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने हंगामा किया और सड़क पर जाम लगा दिया। इससे दोनों ओर का यातायात बाधित हो गया। वाहनों की लंबी लाइनें लग गई। मौके पर कई थानों का फोर्स पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित किया। जिस डंपर ने कार में टक्कर मारी उसमें ईंट भरी हुई थी। बताया जाता है कि डंपर से उतर चालक ने धमकाया, बोला कार के साथ तुम्हें भी कुचल दूंगा।
कार चालक सागर ने थाने में दी गई तहरीर में बताया कि वो अपने चार दोस्तों के साथ रविवार की रात बागपत के दोघट में शादी समारोह में शामिल होने के बाद मेरठ लौट रहे थे। मेरठ-बड़ौत रोड पर बरनावा पहुंचने पर उनके आगे चल रहा ईंटों से लदा डंपर को डीपर और हार्न दिया गया। आरोप है कि डंपर चालक ने साइड नहीं दी। विरोध करने पर डंपर की छत पर बैठे तीन लोगों ने गाली गलौज करते हुए उनकी कार पर पथराव शुरू कर दिया। किसी तरह कार सवारों ने जान बचाई। आरोप है कि डंपर सवार आरोपियों ने कस्बा खिवाई में कॉल कर कार का नंबर साथियों को बताया। कार सवार खिवाई पहुंचे तो वहां पर पहले से खड़े युवकों ने डंपर व ट्रैक्टर सड़क के बीच खड़ा कर उनका रास्ता रोकने का प्रयास किया। जान का खतरा भांपते हुए कार सवारों ने वाहन मोड़कर सरधना की ओर दौड़ा दिया। इसी दौरान पीछे से आ रहे दूसरे डंपर ने जान से मारने की नीयत से उनकी कार में टक्कर मार दी। डंपर की टक्कर से कार बिजली के खंभे से टकरा गई। इससे खंभा टूटकर कार पर गिर गया। गनीमत रही कि कार के चारों एयरबैग खुले। जिससे कार सवारों की जान बच गई।
आरोप है कि इसके बाद हमलावरों ने कार पर पथराव करते हुए फायरिंग शुरू कर दी। घटना की सूचना पीड़ितों ने पुलिस व बजरंग दल कार्यकर्ताओं को दी। पुलिस के मौके पर पहुंचने से पहले आरोपी भाग गए। बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने घटना के विरोध में हंगामा करते हुए मेरठ-बड़ौत मार्ग पर जाम लगा दिया। मामला दो समुदायों से जुड़ा होने के कारण कस्बा खिवाई में कुछ समय के लिए तनाव की स्थिति बन गई। इसके बाद कई थानों का फोर्स मौके पर पहुंच गया। हालात बिगड़ते देख पुलिस ने बजरंग दल के कार्यकर्ताओं को समझा-बुझाकर शांत किया। पुलिस ने जाम खुलवाकर यातायात चालू कराया। पीड़ित पक्ष ने थाने में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। सीओ सरधना आशुतोष कुमार का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:

टिप्पणियां