मेरठ में गलन का कहर, तापमान 2.5 डिग्री तक गिरा, 18 जनवरी को बारिश के आसार
मेरठ। मेरठ इन दिनों गलन की चपेट में है। जिले का न्यूनतम तापमान 2.5 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है। मौसम विभाग के अनुसार तापमान में और कमी दर्ज की जाएगी। मेरठ आज मकर संक्रांति पर गलन की चपेट में है।
मौसम में उतार-चढ़ाव के बीच शीत लहर चल रही है। पश्चिम यूपी में मुजफ्फरनगर में न्यूनतम तापमान 2.3 डिग्री दर्ज किया है। जो कि उत्तर प्रदेश का सबसे ठंडा जिला रहा। दूसरे नंबर पर 2.5 डिग्री तापमान मेरठ का दर्ज किया गया है। मौसम विभाग के मुताबिक, पश्चिमी विक्षोभ के गुजरने के बाद हवा की दिशा परिवर्तित होकर उत्तरी पश्चिमी को हो गई है। इससे बीते 48 घंटों के दौरान पश्चिम यूपी के ज्यादातर शहरों में दिन और रात के तापमान में 2-3 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है।
पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कहीं-कहीं न्यूनतम तापमान काफी नीचे चले जाने से मेरठ, मुजफ्फरनगर में शीतलहर चल रही है। आगामी 48 घंटों के दौरान मौसम में कोई विशेष परिवर्तन नहीं होगा। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मेरठ, आगरा, अलीगढ़, सहारनपुर, मुरादाबाद मंडल के जिलों में आज रात भी शीतलहर के साथ पाला पड़ने की संभावना है। यद्यपि इस दौरान पश्चिमी उत्तर प्रदेश के उत्तरी इलाकों व दक्षिणी इलाकों में घने कोहरे के आसार हैं। लेकिन दिन चढ़ने के साथ धूप निकलेगी जिससे ठंड से राहत मिलेगी।
18 जनवरी को हो सकती है बारिश
वैज्ञानिक अतुल ने बताया कि दो पश्चिमी विक्षोभों के प्रभाव से न्यूनतम तापमान में 15 जनवरी से 3-4 दिनों के दौरान 3-5 डिग्री की वृद्धि की संभावना है। इससे पश्चिमी उत्तर प्रदेश में जारी वर्तमान शीत लहर के दौर से निजात मिल सकती है और कोहरे के घनत्व में बढ़ोतरी के आसार हैं। पश्चिमी विक्षोभों के प्रभाव से 18 जनवरी को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कहीं-कहीं बूंदाबांदी के साथ हल्की बारिश हो सकती है।
